विदिशा में ड्राइवर को तंबाकू की तलब पड़ी भारी, पलट गई ट्रैक्टर-ट्रॉली; दो की मौत और 20 मजदूर जख्मी
जिले के कुरवाई थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। घटना सुबह करीब 6 बजे बीना रोड पर लायरा और मलियाखेड़ा ग्राम ...और पढ़ें
By Ajay JainEdited By: bhupendra Singh Rajput Publish Date: Sat, 23 May 2026 11:30:10 AM (IST)Updated Date: Sat, 23 May 2026 11:53:23 AM (IST)
हादसे के बाद घायलों को उपचार के लिए ले जाते ग्रामीण। नईदुनिया।HighLights
- कुरवाई में मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से दो की मौत
- हादसे में करीब 20 मजदूर घायल, कई महिलाएं और बच्चे भी थे सवार
- प्रारंभिक जांच में चालक की लापरवाही आई सामने
नईदुनिया प्रतिनिधि, विदिशा। जिले के कुरवाई थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में किसान समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हो गए।
हादसा सुबह लगभग छह बजे बीना रोड पर लायरा और मलियाखेड़ा गांव के बीच हुआ, जहां फसल कटाई के लिए जा रहे मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जा रहा है कि चालक तंबाकू खाने लगा था जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही कुरवाई थाना पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तत्काल कुरवाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
यहां चिकित्सकों ने 55 वर्षीय स्थानीय किसान ऋषभ साहू उर्फ ऋषि और उमरिया निवासी 65 वर्षीय मजदूर दरबारी कौल को मृत घोषित कर दिया।
22 लोगों से भरी थी ट्रॉली
पुलिस के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली में कुल 22 लोग सवार थे, जिनमें महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल थे। सभी लोग खेतों में मूंग की फसल की कटाई के लिए जा रहे थे।
घायलों में दो महिलाएं भी शामिल हैं, जबकि एक मजदूर की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे विदिशा जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सभी लोग सुबह-सुबह खेतों में मूंग की फसल की कटाई के लिए निकले थे और काम के सिलसिले में मजदूरों के साथ उनके छोटे-छोटे बच्चे भी वाहन में सवार थे, तभी लायरा और मलियाखेड़ा के बीच ये हादसा हुआ। लोगों ने बताया कि चालक तंबाकू खाने लगा था जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया। - आरके मिश्रा, थाना प्रभारी, कुरवाई