दीवाली की रात आग का तांडव... देशभर में 23 लोगों की मौत, मध्य प्रदेश में 13 ने गंवाई जान
दीवाली की रात देश के विभिन्न हिस्सों से आगजनी के कई दर्दनाक हादसे सामने आए। पटाखों की चिंगारी और शॉर्ट सर्किट के चलते भड़की भीषण आग ने कई घरों का चिराग बुझा दिया।
Publish Date: Mon, 09 Nov 2026 02:35:40 PM (IST)Updated Date: Mon, 09 Nov 2026 02:35:40 PM (IST)
दीवाली की रात आग से 23 की मौत।HighLights
- दीवाली की रात आग से 23 की मौत
- देशभर में आगजनी, MP में 13 मौतें
- कटनी में परिवार के 6 लोगों की मौत
डिजिटल डेस्क। रोशनी और उमंग के पर्व दीवाली की रात देश के विभिन्न हिस्सों से आगजनी के कई दर्दनाक हादसे सामने आए। पटाखों की चिंगारी और शॉर्ट सर्किट के चलते भड़की भीषण आग ने कई घरों का चिराग बुझा दिया। अलग-अलग राज्यों में हुए इन हादसों में अब तक 23 लोगों की असमय मौत दर्ज की गई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए और कुछ अब भी लापता हैं। दमकल और बचाव दलों ने रातभर मोर्चा संभालते हुए राहत कार्य चलाया।
मध्य प्रदेश: तीन अलग-अलग घटनाओं में 13 की मौत
- कटनी: एक आवासीय मकान में अचानक आग भड़कने से धुएं में दम घुटने और बुरी तरह झुलसने के कारण एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में दो महीने के नवजात सहित तीन छोटे बच्चे भी शामिल थे।
सिवनी: एक सराफा व्यापारी के घर में फैली लपटों ने परिवार के छह सदस्यों को अपनी चपेट में ले लिया, जिसमें एक 16 वर्षीय किशोर भी शामिल था।
उज्जैन: नागझिरी इलाके में एक दोमंजिला इमारत आग की जद में आ गई। ऊपरी मंजिल पर परिवार के 10 लोग फंस गए थे, जिनमें से एक 107 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई। महाराष्ट्र: धाराशिव में 6 लोग जिंदा जले, पुणे में 63 घटनाएं
- धाराशिव: एक किराना स्टोर के ऊपर स्थित रिहायशी हिस्से में आग लगने से एक ही परिवार के छह सदस्य जिंदा जल गए।
- पुणे व मुंबई: पुणे शहर में रातभर में आग लगने की 63 अलग-अलग घटनाएं दर्ज हुईं। वहीं मुंबई के लोखंडवाला इलाके में एक व्यक्ति की जान चली गई और डोंगरी क्षेत्र में कई झुग्गियां व दुकानें जलकर खाक हो गईं।
- नागपुर व ठाणे: नागपुर के एक दोपहिया शोरूम में भीषण आग से दर्जनों गाड़ियां जल गईं, जबकि ठाणे की 17 मंजिला इमारत में भड़की आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
राजस्थान: पटाखे की दुकान में विस्फोट से 2 की मौत
राजस्थान के पाली जिले में पटाखों की एक दुकान में अचानक आग लग गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग लापता बताए जा रहे हैं। भीषण लपटों ने पास की तीन अन्य दुकानों और बाहर खड़े कई दोपहिया वाहनों को भी अपनी चपेट में लेकर नष्ट कर दिया।
दिल्ली: रॉकेट पटाखा लगने से 10 वर्षीय बच्चे की मौत
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के नरेला क्षेत्र में आतिशबाजी के दौरान छूटा एक रॉकेट पटाखा 10 साल के मासूम के पेट में जा लगा। गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण बच्चे ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें- दीपावली की रात लोनर हाथी ने ली दो और लोगों की जान, कबरा हाथी ने अब तक 16 लोगों को कुचला
उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में भारी नुकसान
उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में स्थित एक कबाड़ गोदाम में भीषण आग लगने से लाखों रुपये का माल जलकर राख हो गया। इसके अलावा गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके से भी आगजनी की खबरें आईं।
उधर, जम्मू के नेहरू मार्केट में आग से एक दर्जन से अधिक दुकानें जल गईं। पूर्वोत्तर के असम (जोनाई) और सिक्किम (गंगटोक) में भी कई स्थानों पर आग लगने से भारी संपत्ति का नुकसान हुआ, जहां दमकल कर्मियों ने लंबी मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पाया।