एजेंसी, नई दिल्ली। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 5 से 10 सितंबर तक देश के विभिन्न हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। कई राज्यों में लगातार बारिश के साथ गरज और बिजली गिरने की भी संभावना बनी रहेगी।
5 सितंबर को कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और पश्चिम मध्य प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। पूर्वी मध्य प्रदेश में भी इसी दिन तेज वर्षा हो सकती है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 5 और 6 सितंबर को भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
पूर्वी राजस्थान में 5 से 7 सितंबर तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जबकि पश्चिमी राजस्थान में 6 और 7 सितंबर को बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं, उत्तराखंड में 5 से 8 सितंबर तक कई स्थानों पर भारी बारिश के आसार हैं।
पंजाब में 10 सितंबर को भारी बारिश हो सकती है। हरियाणा और चंडीगढ़ में 5 और फिर 8 से 10 सितंबर तक तेज बारिश की संभावना है। इसके अलावा, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 9 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भी मौसम सक्रिय रहेगा। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 5 से 7 सितंबर तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश में 6 से 10 सितंबर तक तेज बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।
बिहार में 8 से 10 सितंबर तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने के आसार हैं। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 5 सितंबर को और फिर 7 से 10 सितंबर तक लगातार बारिश की संभावना है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी 6 और 7 सितंबर को तेज बारिश हो सकती है।
तमिलनाडु में 8 और 9 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है। तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में अगले 5 दिनों तक 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चल सकती हैं।
इसे भी पढ़ें... CG Weather Update: मानसून रहा मेहरबान, अगस्त-सितंबर में बारिश ने फिर पकड़ी रफ्तार