
डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। अहमदाबाद शहर के महमूदपुरा क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लगने के बाद जोरदार धमाका हो गया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को आसपास के लोगों की मदद से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, महमूदपुरा में मेहुल डोडिया नामक व्यक्ति पटाखा फैक्ट्री संचालित करता था। शनिवार दोपहर फैक्ट्री में अचानक आग लग गई, जिसके कुछ ही देर बाद तेज धमाका हुआ। विस्फोट इतना भीषण था कि आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटनास्थल आरएएफ कैंप के पीछे वस्त्राल के पास बताया गया है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया। अहमदाबाद के महापौर हितेश बारोट और मनपा आयुक्त बच्छा निधि पानी भी घटनास्थल पर पहुंचे। महापौर ने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि फैक्ट्री झोपड़ी जैसी जगह पर संचालित की जा रही थी, जिसके कारण आग लगने की बात सामने आई है।