
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बैंक ग्राहकों के लिए सितंबर में लगातार चार दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित (Bank Holidays) होने की स्थिति बन रही है। बैंक यूनियनों ने हफ्ते में पांच दिन बैंकिंग समेत अन्य लंबित मांगों को लेकर 11 सितंबर, शुक्रवार को हड़ताल पर जाने का फैसला किया है। हड़ताल के बाद शनिवार और रविवार की नियमित छुट्टियां हैं। वहीं, कुछ राज्यों में 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के कारण भी बैंक बंद रहेंगे।
बैंक यूनियनों की हड़ताल का सबसे ज्यादा असर सरकारी बैंकों की शाखाओं के कामकाज पर पड़ सकता है। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) सहित अधिकांश सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने अपने ग्राहकों को पहले ही संभावित व्यवधान के बारे में जानकारी दे दी है। बैंकों ने बताया है कि हड़ताल के चलते शाखाओं में सामान्य कामकाज प्रभावित हो सकता है।
11 सितंबर को शुक्रवार होने के बाद 12 सितंबर को दूसरा शनिवार और 13 सितंबर को रविवार है। इसके बाद 14 सितंबर को कुछ राज्यों में गणेश चतुर्थी की छुट्टी रहेगी। इस वजह से कई राज्यों में बैंक लगातार चार दिन बंद रह सकते हैं।
बैंक प्रबंधन की ओर से जरूरी सेवाओं को सामान्य रखने के लिए इंतजाम किए गए हैं। हालांकि, हड़ताल और लगातार छुट्टियों के कारण ग्राहकों को कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। खासकर नकदी की उपलब्धता और चेक क्लियरिंग में देरी होने की आशंका है।
ऐसे में जिन ग्राहकों को बैंक शाखा जाकर जरूरी काम निपटाना है, उन्हें इन तारीखों का ध्यान रखना होगा। बैंकिंग से जुड़े जरूरी काम के लिए ग्राहक उपलब्ध डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं।