
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की बहुप्रतीक्षित आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' के रिलीज के साथ ही गांधी परिवार के कई निजी और अनछुए पहलू चर्चा में आ गए हैं। इस किताब में सोनिया गांधी ने अपनी देवरानी और संजय गांधी की पत्नी मेनका गांधी के परिवार में प्रवेश, शुरुआती तालमेल और समय के साथ दोनों के रिश्तों में घुली कड़वाहट की कहानी साझा की है।
सोनिया गांधी के किताब के अनुसार, 1973 के अंत में संजय गांधी की पहली मुलाकात मेनका आनंद से हुई थी। उस समय मेनका नाबालिग थीं और संजय से करीब एक दशक छोटी थीं। परिचय के लगभग एक साल के भीतर दोनों ने शादी कर ली और महज 18 साल की उम्र में मेनका गांधी परिवार की 'छोटी बहू' बनकर आईं।
सोनिया लिखती हैं कि परिवार में देवरानी के आने से वह बेहद खुश थीं। मेनका का स्वभाव बेहद जिंदादिल, बातूनी और एनर्जी से भरा हुआ था। शुरुआत में दोनों के बीच आत्मीयता थी; अक्सर एमी आंटी के कमरे से मेनका के ठहाके सुनाई देते थे, जहां सोनिया भी बैठकर उनकी किताबों और दोस्तों की बातें सुनती थीं। इतना ही नहीं, सोनिया की बेटी प्रियंका गांधी भी अपनी चाची के कमरे में बैठकर उनकी सुनाई कहानियों में रमी रहती थीं।
किताब में जिक्र है कि वक्त बीतने के साथ पारिवारिक माहौल में असहजता और चिड़चिड़ाहट बढ़ने लगी। इसकी जड़ें घर के स्टाफ द्वारा दोनों बहुओं को पुकारे जाने वाले नामों से जुड़ी थीं। बड़ी बहू होने के नाते सोनिया को 'बहुरानी' और मेनका को 'छोटी बहू' कहा जाता था। हालांकि परिवार दोनों को समान दर्जा देता था, लेकिन सोनिया के मुताबिक मेनका इसे अपने अपमान या दर्जे में कमी के रूप में देखती थीं।
सोनिया याद करती हैं कि जब मेनका तीखे या असहज लहजे में बात करती थीं, तो वह घर का माहौल शांत रखने के लिए चुप रह जाती थीं। मगर जब सीमाएं लांघी जातीं, तो वह भी कड़े शब्दों में जवाब देने से नहीं चूकती थीं।
सोनिया गांधी के अनुसार, धीरे-धीरे संजय और मेनका के बीच के मतभेद बेडरूम की सीमाओं से निकलकर पूरे घर में सुनाई देने लगे। दोनों के बीच की तकरार तेज और तीखी हो चली थी। सोनिया का दावा है कि ज्यादा गुस्से में मेनका अभद्र भाषा और गाली-गलौज तक पर उतर आती थीं। यहां तक कि सास इंदिरा गांधी के सामने भी, जबकि गांधी परिवार में इस तरह की भाषा का कभी इस्तेमाल नहीं होता था। इससे इंदिरा जी असहज हो जाती थीं और बाकी सभी लोग हैरान रह जाते थे।
यह भी पढ़ें- '2010 में प्रणब मुखर्जी ने जताई थी पीएम बनने की चाहत लेकिन...', सोनिया गांधी की आत्मकथा में बड़ा खुलासा
सोनिया स्वीकार करती हैं कि बाहर खुलकर जीने वाली और सामाजिक मेलजोल पसंद करने वाली एक बेहद कम उम्र की लड़की के लिए गांधी परिवार के अत्यधिक अनुशासित और व्यस्त माहौल में एडजस्टमेंट बैठाना आसान नहीं था। मेनका को शायद यह घर बहुत नीरस लगा होगा। हालांकि, जब उन्होंने संजय के साथ राजनीतिक गतिविधियों और दौरों में हिस्सा लेना शुरू किया, तब वह अधिक सहज दिखीं।
आत्मकथा में सोनिया ने यह भी लिखा है कि संजय गांधी पर मेनका का प्रभाव समय के साथ दोनों भाइयों राजीव और संजय के अटूट संबंधों में फासले की वजह बनने लगा। जो दोनों भाई बचपन से एक-दूसरे के बेहद करीब थे, उनके बीच धीरे-धीरे दूरियां और कटुता बढ़ती चली गई, जिसका अंततः मेनका के घर छोड़कर जाने के रूप में दुखद समापन हुआ।