चाकुओं से हमला होने पर भी नहीं डिगे कैप्टन स्मित, बचाईं 174 जिंदगियां; PM मोदी-नेतन्याहू और ट्रंप ने की बहादुरी की तारीफ
फ्लायदुबई की FZ1073 फ्लाइट में कॉकपिट हमले के दौरान भारतीय पायलट स्मित मच्छार घायल हुए। यात्रियों और क्रू की मदद से विमान सुरक्षित तबुक पहुंचा, 174 जा...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 01 Oct 2026 08:43:10 AM (IST)Updated Date: Thu, 01 Oct 2026 08:43:10 AM (IST)
चाकुओं से हमला होने पर भी नहीं डिगे कैप्टन स्मित। (सोशल मीडिया)HighLights
- फ्लायदुबई फ्लाइट में कॉकपिट के अंदर हिंसक घटना हुई।
- भारतीय पायलट स्मित मच्छार हमले में घायल हुए।
- विमान 34 हजार फीट से तेजी से नीचे आया।
डिजिटल डेस्क। आसमान में 34 हजार फीट की ऊंचाई पर मौत से लड़कर 174 लोगों की जान बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी की दुनियाभर में चर्चा हो रही है।
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कैप्टन स्मित के साहस को सलाम करते हुए उन्हें 'सच्चा हीरो' बताया है।
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट में एक खौफनाक साजिश को नाकाम कर कैप्टन स्मित ने सैकड़ों जानें बचाईं। 9/11 जैसी एक बड़ी आतंकी त्रासदी को भी टाल दिया।
पीएम मोदी ने कहा- 'भारत को कैप्टन मछार पर गर्व है'
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैप्टन स्मित के जज्बे को नमन करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर लिखा कि कैप्टन स्मित मछार एक हीरो हैं। भयंकर खतरे के बीच और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए जो साहस और अटूट दृढ़ संकल्प दिखाया, वह अद्भुत है।
पीएम ने आगे लिखा कि उनके इस शौर्य ने सैकड़ों जिंदगियां बचाईं और एक बड़े हादसे को टाल दिया। पूरे भारत को कैप्टन मछार पर गर्व है। पीएम ने उनके जल्द स्वस्थ होने और लंबी आयु की कामना भी की। नेतन्याहू बोले- कैप्टन की सूझबूझ से बची 174 जानें
- इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी भारतीय पायलट की जमकर तारीफ की। उन्होंने अपनी एक्स पोस्ट में लिखा कि खून से लथपथ होने के बाद भी मछार ने जिस तरह से हमलावर का डटकर सामना किया, वह उन्हें एक सच्चा हीरो बनाता है।
- नेतन्याहू ने बताया कि कैप्टन स्मित की मदद से ही कॉकपिट का दरवाजा खुल पाया, जिससे क्रू मेंबर्स और यात्रियों ने अंदर घुसकर हमलावर को दबोच लिया। उनकी इस बहादुरी से विमान में सवार इजरायली नागरिकों सहित 174 लोगों को नई जिंदगी मिली है।
34 हजार फीट से नीचे गिरा विमान
- यह दिल दहला देने वाली घटना बुधवार सुबह करीब 9 बजे फ्लायदुबई की फ्लाइट FZ1073 में हुई। ओमान के रहने वाले को-पायलट ने विमान को क्रैश कराने की नीयत से कैप्टन स्मित पर अचानक चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। दोनों के बीच कॉकपिट में जबरदस्त हाथापाई हुई, जिसके चलते प्लेन का संतुलन बिगड़ गया और विमान 34 हजार फीट की ऊंचाई से गोता लगाते हुए सीधे 17 हजार फीट तक नीचे आ गया।
- खौफनाक मंजर के बीच कैप्टन स्मित ने हार नहीं मानी। 9/11 के बाद से कॉकपिट के दरवाजे बेहद मजबूत बनाए जाते हैं, लेकिन कैप्टन के संघर्ष के चलते एक यात्री और क्रू मेंबर किसी तरह अंदर दाखिल होने में कामयाब रहे और उन्होंने को-पायलट को काबू में कर लिया।
सऊदी अरब में सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग
- हमलावर के पकड़े जाने के बाद विमान की सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। इस फ्लाइट में 27 बच्चों समेत कुल 174 यात्री सवार थे, जिनमें ज्यादातर इजराइली थे।
- इजरायली अधिकारियों का मानना है कि अगर पायलट ने हिम्मत नहीं दिखाई होती, तो 2001 में अमेरिका में हुए 9/11 जैसा ही भयानक हादसा हो सकता था। फिलहाल दोनों पायलट घायल हैं, लेकिन कैप्टन स्मित की हालत स्थिर बताई जा रही है।