
डिजिटल डेस्क। कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने अपनी संस्मरण पुस्तक 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में भारतीय राजनीति के सबसे उथल-पुथल भरे दौरों में से एक वर्ष 1999 के सियासी घटनाक्रम पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट स्वीकार किया है कि तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार के पतन के तुरंत बाद वैकल्पिक सरकार बनाने का दावा पेश करना एक राजनीतिक चूक थी।
वर्ष 1999 में जब सोनिया गांधी सरकार गठन का दावा पेश करने के बाद राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में मीडिया से रूबरू होने पहुंचीं, तब हालात बेहद तनावपूर्ण थे। अपनी किताब में उन्होंने उस दौर की मनःस्थिति साझा करते हुए लिखा कि उस समय उनका मन संशयों से घिरा हुआ था।
सरकार बनाने को लेकर जो शुरुआती आश्वासन मिले थे, वे धीरे-धीरे बिखर रहे थे। वरिष्ठ सहयोगियों के साथ मौजूद होने के बावजूद वह अंदर से असहज थीं, लेकिन सार्वजनिक तौर पर उन्हें दृढ़ और आत्मविश्वासी नजर आना था।
अन्नाद्रमुक (AIADMK) प्रमुख जे. जयललिता द्वारा समर्थन वापस लिए जाने के कारण वाजपेयी सरकार महज एक वोट से गिर गई थी। इसके बाद मुख्य विपक्षी दल के रूप में कांग्रेस ने वामपंथी और अन्य क्षेत्रीय दलों से संपर्क साधा। 543 सदस्यीय लोकसभा में बहुमत के लिए जरूरी 272 के आंकड़े के मुकाबले कांग्रेस और उसके साथियों के पास करीब 233 सांसदों का ही समर्थन जुट सका था। अन्य दलों द्वारा दिए गए वादों पर भरोसा कर राष्ट्रपति से मुलाकात तो कर ली गई, लेकिन ऐन वक्त पर कुछ प्रमुख दल पीछे हट गए।
सोनिया गांधी ने लिखा है कि गठबंधन की कोशिशें इसलिए नाकाम हुईं क्योंकि कई घटक नेता स्वयं प्रधानमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा पाले हुए थे, जिसे पूरा कर पाना संभव नहीं था। अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि उनके मन में कभी प्रधानमंत्री बनने की इच्छा नहीं थी। पर्याप्त संख्याबल जुटाए बिना भाजपा नीत सरकार को गिराने और सत्ता का दावा करने के उस कदम को उन्होंने समय से पहले उठाया गया और जल्दबाजी भरा निर्णय माना।
गठबंधन के प्रयास विफल होने के बाद देश में मध्यावधि चुनाव हुए, जिसमें अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में 20 दलों वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने जोरदार वापसी की। सरकार गिराने के आरोपों पर सोनिया गांधी ने लिखा कि वाजपेयी सरकार को कांग्रेस ने नहीं गिराया, बल्कि उनके अपने आंतरिक मतभेदों से गठबंधन टूटा था। घटनाक्रम को याद करते हुए उन्होंने लिखा कि उस समय वह भावुक हो गई थीं और उनकी आंखों में आंसू आ गए थे, क्योंकि उनका राजनीति में प्रवेश सत्ता या पद हथियाने के उद्देश्य से नहीं हुआ था।
यह भी पढ़ें- जम्मू कश्मीर के कुलगाम में आतंकी हमला... CRPF के 3 जवान घायल, आतंकी फरार; सर्च ऑपरेशन जारी