कॉकरोच जनता पार्टी के संयोजक दीपके की भाजपा से अपील-अपने 'गॉडफादर' भागवत की सलाह सुनें, सीजेपी की टीमों को झारखंड भेजा गया
दीपके ने कहा कि मोहन भागवत का सबसे अहम बयान यह था कि प्रदर्शनकारी युवाओं को देशद्रोही नहीं कहा जाना चाहिए और उनके मुद्दे जायज हैं।
Publish Date: Fri, 07 Aug 2026 08:04:03 PM (IST)Updated Date: Fri, 07 Aug 2026 08:28:24 PM (IST)
HighLights
- बोले-युवाओं का प्रदर्शन वास्तविक कारणों से हुआ था
- प्रदर्शनकारी युवाओं को देशद्रोही नहीं कहा जाना चाहिए
- भाजपा बोली- युवाओं के सपने पूरे करने में मदद कर रहे मोदी
डिजिटल डेस्क, छत्रपति संभाजीनगर। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संयोजक अभिजीत दीपके ने शुक्रवार को भाजपा से आग्रह किया कि वह अपने "गॉडफादर" आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत की सलाह पर ध्यान दे। भागवत ने कहा था कि प्रदर्शन कर रहे जेन जी युवाओं को देशद्रोही नहीं कहा जाना चाहिए।
इस बीच, भाजपा ने जेन जी पर मोहन भागवत के बयानों का समर्थन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी युवाओं के सपनों को पूरा करने में मदद करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
युवाओं का प्रदर्शन वास्तविक शिकायतों के कारण हुआ था
मुंबई में भागवत की जेन जी के साथ बातचीत के एक दिन बाद पत्रकारों से बात करते हुए दीपके ने मांग की कि सत्तारूढ़ पार्टी आरएसएस प्रमुख की इस बात से सहमत हो कि नीट में गड़बड़ियों को लेकर जंतर-मंतर पर युवाओं का विरोध प्रदर्शन वास्तविक शिकायतों के कारण हुआ था।
प्रदर्शनकारी युवाओं को देशद्रोही नहीं कहा जाना चाहिए
दीपके ने कहा कि मोहन भागवत का सबसे अहम बयान यह था कि प्रदर्शनकारी युवाओं को देशद्रोही नहीं कहा जाना चाहिए और उनके मुद्दे जायज हैं। गुरुवार को भागवत ने जेन जी का जोरदार समर्थन करते हुए कहा कि उनकी शिकायतें सही हैं। सिर्फ विरोध प्रदर्शन के चलते उन्हें देशद्रोही नहीं कहा जाना चाहिए।
सीजेपी की टीमों को झारखंड भेजा गया है
दीपके ने बताया कि सीजेपी की टीमों को झारखंड भेजा गया है, ताकि वे भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे उम्मीदवारों के साथ एकजुटता दिखा सकें। वहीं, संसद परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के एजेंडे का कोई मुख्य इंजन है, तो वह भारत के युवा हैं।
प्रधानमंत्री को आज के युवाओं पर सबसे ज्यादा भरोसा है, जिन्हें लोग जेन जी कहते हैं। भाजपा सांसद कंगना रनोट ने कहा कि जेन जी देश की ताकत हैं। युवा तेजी से भारत की सांस्कृतिक पहचान को अपना रहे हैं।