
डिजिटल डेस्क। सोशल मीडिया पर इन दिनों तेजी से सुर्खियां बटोरने वाली व्यंग्यात्मक राजनीतिक संस्था 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) को एक बड़ा झटका लगा है। माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) ने भारत में इसके आधिकारिक अकाउंट को 'कानूनी मांग' के चलते ब्लॉक (Withhold) कर दिया है।
यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब इस डिजिटल आउटफिट ने लोकप्रियता के मामले में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को भी पीछे छोड़ दिया था।
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने इस कार्रवाई की जानकारी साझा की। जब भारत में CJP के X अकाउंट (@CJP_2029) को खोला जा रहा है, तो वहां मोटे अक्षरों में 'अकाउंट विदहेल्ड' (Account Withheld) लिखा आ रहा है। साथ ही एक पॉप-अप संदेश में लिखा है - 'एक कानूनी मांग के जवाब में भारत में इस अकाउंट पर रोक लगा दी गई है।' अभिजीत दिपके ने इसका स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा, 'जैसा कि अंदेशा था, कॉकरोच जनता पार्टी के अकाउंट को भारत में रोक दिया गया है।'
यह डिजिटल आउटफिट पिछले कुछ दिनों से भारतीय राजनीति पर अपने अनूठे और व्यंग्यात्मक (Satirical) अंदाज के कारण सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से वायरल हो रहा था।
इंस्टाग्राम पर इस पेज की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इसने फॉलोअर्स के मामले में सत्ताधारी दल बीजेपी को भी पीछे छोड़ दिया है। इंस्टाग्राम पर जहां बीजेपी के 8.8 मिलियन (88 लाख) फॉलोअर्स हैं, वहीं महज कुछ ही दिनों में कॉकरोच जनता पार्टी के फॉलोअर्स का आंकड़ा 13.5 मिलियन (1.35 करोड़) के पार पहुंच गया। CJP ने गुरुवार सुबह एक पोस्ट के जरिए बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा था कि उन्हें बीजेपी को पीछे छोड़ने में सिर्फ चार दिन का समय लगा।
अकाउंट ब्लॉक होने को लेकर X (ट्विटर) की नीति के अनुसार, इस तरह की कार्रवाई तब की जाती है जब प्लेटफॉर्म को किसी अधिकृत संस्था या सरकार की ओर से "वैध और उचित दायरे में अनुरोध या कानूनी मांग" प्राप्त होती है। X का कहना है कि स्थानीय कानूनों का उल्लंघन होने पर किसी खास देश या क्षेत्र में कुछ चुनिंदा कंटेंट या अकाउंट्स तक पहुंच को सीमित करना जरूरी हो जाता है।
इस अनोखी पार्टी की शुरुआत राजनीतिक संचार रणनीतिकार (Political Communication Strategist) अभिजीत दिपके ने की है। दरअसल, यह पूरा आइडिया चीफ जस्टिस सूर्यकांत की एक टिप्पणी के बाद ऑनलाइन उपजे आक्रोश से निकला, जिसमें उन्होंने कुछ बेरोजगार युवाओं की तुलना कथित तौर पर "कॉकरोच" और "परजीवी" से की थी।
इसके बाद दिपके ने व्यंग्य के रूप में इस 'पार्टी' का गठन कर दिया। इस डिजिटल आउटफिट का कहना है कि उनकी पार्टी में शामिल होने की पात्रता यह है कि व्यक्ति को "बेरोजगार, आलसी, हमेशा ऑनलाइन रहने वाला और पेशेवर तरीके से भड़ास निकालने (Rant) में सक्षम" होना चाहिए।
CJP के 'संस्थापक अध्यक्ष' 30 वर्षीय अभिजीत दिपके राजनीति और सोशल मीडिया अभियानों का लंबा अनुभव रखते हैं। वह पहले आम आदमी पार्टी (AAP) के साथ काम कर चुके हैं, जहां उन्होंने पार्टी के सोशल मीडिया प्रबंधन और चुनाव अभियान के संचालन की कमान संभाली थी।
X अकाउंट ब्लॉक होने के कुछ ही मिनटों बाद दिपके ने एक और गंभीर दावा किया। उन्होंने इंस्टाग्राम से आए एक ईमेल का स्क्रीनशॉट साझा किया, जिसमें उनसे लॉगिन समस्याओं के बारे में पूछा गया था। दिपके ने आरोप लगाया कि X अकाउंट बंद कराने के बाद अब CJP के मुख्य इंस्टाग्राम अकाउंट को भी हैक करने की कोशिशें की जा रही हैं।