
डिजिटल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर कांग्रेस की 'निराशावादी राजनीति' पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा है कि देश में कुछ हताश लोग 'आत्मनिर्भर भारत' के संकल्प का मजाक उड़ा रहे हैं। कांग्रेस देश में अराजकता और अनिश्चितता का माहौल पैदा कर अपने लिए सत्ता का चोर दरवाजा तलाश रही है, लेकिन देश की जागरूक जनता अब इन चालों को भांपकर उसे हाशिए पर धकेल चुकी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह बातें दक्षिण गुजरात के 7 अलग-अलग जिलों के लिए ₹18,778 करोड़ के विविध विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद सूरत के इंडोर स्टेडियम में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं।
पीएम मोदी ने कांग्रेस शासित राज्यों की बदहाली का जिक्र करते हुए कहा कि वहां के लोग कुशासन से त्रस्त हैं। उन्होंने कर्नाटक का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां कांग्रेस के खिलाफ इस कदर जन-आक्रोश पनप रहा था कि उन्हें अपनी साख बचाने के लिए मुख्यमंत्री तक को बदलना पड़ा।
हालिया राजनीतिक विन्यास: हाल ही में कांग्रेस आलाकमान ने कर्नाटक में आंतरिक असंतोष और आक्रोश को देखते हुए सिद्दारमैया से इस्तीफा दिलवाकर डी.के. शिवकुमार को मुख्यमंत्री पद की कमान सौंपी है।
प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल और हिमाचल प्रदेश के निकाय चुनावों का संदर्भ देते हुए कहा कि वैश्विक मंचों पर भी भाजपा की चुनावी जीत और जनसमर्थन की गूंज सुनाई दे रही है।
प्रधानमंत्री ने वैश्विक परिस्थितियों का कूट विश्लेषण करते हुए कहा कि यह दशक दुनिया के लिए आपदाओं का दौर रहा है। पहले कोरोना महामारी, फिर वैश्विक युद्ध और अब पूरी दुनिया ऊर्जा संकट (Energy Crisis) से अस्त-व्यस्त है। तेल और गैस की सप्लाई बाधित होने से चारों तरफ अफरातफरी मची है, लेकिन भारत अपनी नीतियों के दम पर मजबूती से टिका हुआ है।
यह भी पढ़ें- गिरफ्तार होंगे खान सर? FIR में जोड़ा गया का नाम, 'देख क्या रहे हो, फायर करो...' कहने का आरोप
सूरत के इस भव्य मंच पर एक दिलचस्प वाकया भी देखने को मिला। जनसभा की शुरुआत में गुजरात के उप मुख्यमंत्रियों में शामिल हर्ष संघवी ने बेहद संक्षिप्त लेकिन प्रभावशाली शब्दों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश और गरीब-मध्यम वर्ग के कल्याण के लिए किए गए विकास कार्यों की लंबी सूची गिना दी। उनके इस सधे हुए और आक्रामक भाषण से प्रभावित होकर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अपने वक्तव्य की शुरुआत में ही चुटकी लेते हुए कहा कि हर्ष भाई ने तो आज मंच पर सेंचुरी (शतक) लगा दी है।