
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज स्पिनर युजवेंद्र चहल ने शनिवार को अपनी राजनीतिक पारी का आगाज करते हुए भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। पार्टी नेतृत्व ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य नियुक्त किया है। भाजपा में शामिल होने से पूर्व चहल ने ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य से भेंट की।
भाजपा द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, संगठन का विस्तार करते हुए कई वरिष्ठ नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद की कमान दी गई है। इनमें असम से जोगेन मोहन, ओडिशा से ममता मोहंता, उत्तर प्रदेश से संगम लाल गुप्ता और संगीता बलवंत बिंद, महाराष्ट्र से बबनराव रावजी चौधरी, दिल्ली से सत प्रकाश राणा तथा बिहार से अर्जुन साहनी के नाम शामिल हैं।
मोर्चे के अध्यक्ष अमरपाल मौर्य ने जानकारी दी कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन में संगठन की नई टीम गठित की गई है। इसके तहत दिल्ली के गजेंद्र यादव, कर्नाटक के प्रमोद मध्वराज और छत्तीसगढ़ के ललित चंद्राकर को राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त 37 नेताओं को राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया है।
संगठन ने विभिन्न राज्यों से सात नेताओं को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी सौंपी है। इस सूची में गुजरात के दशरथजी ठाकोर, तमिलनाडु के टी. वरथराजन, झारखंड के संजीव कुमार, हरियाणा की सरिता जांगिड़, तेलंगाना के कडागंची रमेश, मध्य प्रदेश के वैभव पंवार और बिहार के भीम कुमार साहू को स्थान मिला है।
यह भी पढ़ें- भगवान महाकाल की भस्म आरती के दर्शन करने पहुंचे क्रिकेटर युजवेंद्र चहल, बोले- दर्शन कर अद्भुत अनुभव हुआ
साल 1990 में जन्मे युजवेंद्र चहल अपनी फिरकी गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं और वनडे और टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। क्रिकेट की पिच पर उतरने से पहले वे शतरंज में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। टी-20 फॉर्मेट में 400 विकेट का आंकड़ा छूने वाले वे देश के पहले गेंदबाज हैं।