
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार सुबह से बारिश का दौर जारी है। आगामी दो घंटों में राजधानी के अधिकांश हिस्सों में बिजली की गरज और चमक के साथ मध्यम (15-30 mm) से भारी बारिश (30-50 mm) होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान भी है।
मौसम विभाग के वरिष्ठ विज्ञानी कृष्ण मोहन ने बताया कि पश्चिम बंगाल से लेकर दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश तक हवा के दबाव का एक कम (निम्न) क्षेत्र बना हुआ था। जब यह कम दबाव पश्चिमी दिशा से आने वाली ठंडी हवाओं से टकराया, तो दोनों के मिलने से ही इस तरह अचानक तेज वर्षा हुई।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के प्रादेशिक मौसम केंद्र ने दिल्ली-एनसीआर के निवासियों के लिए एक तात्कालिक अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार दिनभर तक रुक-रुककर बारिश होती रहेगी। इस दौरान 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती है।
यह भी पढ़ें- MP-CG में H1N1 का बढ़ा खतरा, सरकार ने जारी किया अलर्ट; जानें लक्षण, बचाव और कब तुरंत डॉक्टर को दिखाएं
बारिश के कारण संभावित प्रभाव...
यातायात में बाधा
बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव, फिसलन और कम दृश्यता के कारण यात्रा समय में 30 मिनट से अधिक की देरी हो सकती है।
अंडरपास और सेवाएं
निचले इलाकों में पानी भरने से अंडरपास बंद हो सकते हैं। बिजली और पानी जैसी नगर निगम सेवाएं बाधित हो सकती हैं।
परिवहन पर असर
सड़क के साथ-साथ रेल और हवाई यातायात में देरी की आशंका है।
नुकसान
खुले में रखी फसलों, कच्चे मकानों, झोपड़ियों और कमजोर संरचनाओं को आंशिक नुकसान पहुंच सकता है।