
डिजिटल डेस्क। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में मौसम ने फिर करवट ली है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया हुआ है। सुबह के वक्त दृश्यता बेहद कम हो रही है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात पर असर पड़ रहा है।
दिल्ली में कोहरे को लेकर येलो अलर्ट
राजधानी दिल्ली में 5 फरवरी को न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। दिन में मौसम साफ रहने और धूप निकलने के बावजूद सुबह और शाम के समय ठंड और कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। मौसम विभाग ने मध्यम से घने कोहरे को देखते हुए दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया है, और आने वाले कुछ दिनों तक हालात ऐसे ही बने रहने की संभावना जताई है।
उत्तर प्रदेश में भी घना से बहुत घना कोहरा
उत्तर प्रदेश में भी मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही है। पश्चिमी यूपी के गाजियाबाद, मेरठ और नोएडा से लेकर पूर्वी जिलों तक कई इलाकों में घना से बहुत घना कोहरा देखने को मिल रहा है। राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है, जिससे शीतलहर का असर साफ महसूस हो रहा है। मौसम विभाग ने 7 फरवरी तक यूपी में घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की है।
कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या ओलावृष्टि की आशंका भी जताई गई है, जिससे ठंड और बढ़ सकती है। तेज ठंडी हवाओं के चलते महसूस होने वाला तापमान और गिर रहा है। कोहरे के कारण सुबह के समय सफर करना जोखिम भरा हो गया है, जिससे किसान और यात्री सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।
उत्तराखंड में पहाड़ों पर बर्फबारी, मैदानी इलाकों में कोहरा
उत्तराखंड में हिमालयी क्षेत्रों में लगातार तीसरे दिन हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है। चारधाम, हेमकुंड साहिब और औली समेत कई ऊंची चोटियां बर्फ की चादर में लिपटी हुई हैं। वहीं जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के साधना टाप पर भारी बर्फबारी के चलते 35 वाहन फंस गए थे, जिन्हें रातभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार गुरुवार को उत्तराखंड के अधिकतर जिलों में मौसम शुष्क रह सकता है, लेकिन हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, देहरादून, पौड़ी और नैनीताल के कुछ इलाकों में घने कोहरे की चेतावनी दी गई है। इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
हिमाचल में हिमस्खलन को लेकर ऑरेंज अलर्ट
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर, कुल्लू और लाहुल-स्पीति जिलों में हिमस्खलन की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने आठ फरवरी तक निचले और मैदानी इलाकों में घने कोहरे के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है। चार और पांच फरवरी को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने की संभावना है।