
डिजिटल डेस्क। विदेश यात्रा की सनक में एक युवा खिलाड़ी ने तमाम सुरक्षा नियमों को ताक पर रखते हुए बिना किसी वैध वीजा या यात्रा दस्तावेज के दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 में बलपूर्वक घुसने का प्रयास किया। बुधवार अपराह्न करीब तीन बजे प्रस्थान (डिपार्चर) गेट पर हुए इस घटनाक्रम में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के मुस्तैद जवानों ने फुर्ती दिखाते हुए उसे तुरंत दबोच लिया।
पकड़े गए युवक की शिनाख्त हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले कुनाल के रूप में हुई है, जो पेशे से एक एथलीट है और वर्तमान में पश्चिम बंगाल में ट्रेनिंग ले रहा है। दिल्ली पुलिस ने सीआईएसएफ की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
इस पूरी घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसे खुद सीआईएसएफ ने अपने आधिकारिक 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट से जारी किया है। 25 सेकंड की इस क्लिप में साफ दिख रहा है कि युवक टर्मिनल के एंट्री गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को धक्का देते हुए भीतर भागने की कोशिश कर रहा है।
गेट पर मौजूद जवानों ने उसे थामने का प्रयास किया, मगर तेज रफ्तार के कारण वह कुछ कदम अंदर तक दाखिल हो गया। हालांकि, तभी सीआईएसएफ की क्विक रिस्पांस टीम (QRT) हरकत में आई और पलक झपकते ही उसे घेरकर काबू में कर लिया।
सीआईएसएफ ने एक आधिकारिक विज्ञप्ति जारी कर बताया कि टर्मिनल-3 के प्रस्थान द्वार पर तैनात बल के सदस्यों ने बेहतरीन सतर्कता और त्वरित निर्णय क्षमता का परिचय देते हुए अनाधिकृत प्रवेश की इस कोशिश को नाकाम कर दिया। क्यूआरटी की मदद से युवक को महज कुछ सेकंड के भीतर रोक लिया गया, जिससे एयरपोर्ट परिसर में किसी भी तरह की संभावित सुरक्षा चूक टल गई। सुरक्षा बल ने जवानों की इस मुस्तैदी को हवाई अड्डे की सुरक्षा के प्रति उनकी उच्च पेशेवर दक्षता और परिचालन तत्परता का उदाहरण करार दिया है।
शुरुआती पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपित कुनाल किसी भी हाल में विदेश जाना चाहता था। इसी जुनून में उसने बिना पासपोर्ट, वीजा या टिकट के सीधे एयरपोर्ट टर्मिनल के भीतर जाने की ठान ली। तलाशी के दौरान उसके बैग से कुछ व्यक्तिगत पहचान पत्र और शैक्षणिक प्रमाणपत्र बरामद हुए हैं। एयरपोर्ट के पुलिस उपायुक्त (DCP) ने पुष्टि की है कि सीआईएसएफ की शिकायत के आधार पर सुसंगत कानूनी धाराओं में एफआईआर दर्ज कर आरोपित को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की आगे की वैधानिक जांच जारी है।
उल्लेखनीय है कि आईजीआई एयरपोर्ट देश के अति-संवेदनशील प्रतिष्ठानों की श्रेणी में आता है, जिसकी सुरक्षा और आतंकवाद-रोधी मोर्चे की कमान सीआईएसएफ के हाथों में है। यहां टर्मिनल-3 के भीतर कदम रखने के लिए बेहद कड़े नियम निर्धारित हैं। किसी भी यात्री को प्रवेश के लिए वैध टिकट, पासपोर्ट या सरकारी पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य होता है, जबकि एयरपोर्ट स्टाफ को भी अपना आधिकारिक परिचय पत्र जांच के लिए प्रस्तुत करना पड़ता है।
यह भी पढ़ें- NVIDIA के पूर्व अधिकारी की पत्नी पर चीन को चिप तस्करी का आरोप, शॉर्ट-सेलिंग फर्म की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा