एक दुल्हन और 9 शादियां... महाराष्ट्र में सक्रिय 'लुटेरी दुल्हन' गिरोह का भंडाफोड़, ऐसे देते थे ठगी को अंजाम
महाराष्ट्र के बीड़ जिले में शादी के नाम पर ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का खुलासा हुआ है। यह गैंग ग्रामीण इलाकों के युवकों को निशाना बनाकर फर्जी शादी क ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 06 May 2026 04:59:02 PM (IST)Updated Date: Wed, 06 May 2026 04:59:02 PM (IST)
महाराष्ट्र में सक्रिय 'लुटेरी दुल्हन' गिरोह का भंडाफोड़डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। महाराष्ट्र के बीड़ जिले में शादी के नाम पर ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का खुलासा हुआ है। यह गैंग ग्रामीण इलाकों के युवकों को निशाना बनाकर फर्जी शादी कराता था और उनसे लाखों रुपये ऐंठ लेता था। ताजा मामला गेवराई तहसील के उमापुर गांव से सामने आया है, जहां गिरोह की मुख्य सदस्य एक युवती ने नौवीं बार शादी रचाकर युवक को चूना लगाया।
लाखों की वसूली और फिर फरार
ठगी का शिकार हुए उमापुर के युवक ने बताया कि शादी तय कराने के लिए एजेंटों ने उससे पहले ही लाखों रुपये ले लिए थे। रीति-रिवाजों के साथ शादी संपन्न होने के कुछ समय बाद ही दुल्हन और उसके साथ आए लोग अचानक गायब हो गए। जब युवक ने उनकी तलाश शुरू की, तब उसे अपने साथ हुई बड़ी धोखाधड़ी का एहसास हुआ।
आठ शादियों का चौंकाने वाला इतिहास
पुलिस जांच में जो तथ्य सामने आए, वे चौंकाने वाले हैं। पता चला कि जिस युवती से युवक की शादी हुई, वह पहले ही आठ अलग-अलग लोगों से निकाह कर चुकी थी। गिरोह का तरीका हर बार एक जैसा रहता था: शादी के कुछ दिनों बाद दुल्हन घर में रखे कीमती जेवर और नकदी लेकर फरार हो जाती थी। इस तरह यह गिरोह अब तक कई निर्दोष युवकों को अपना शिकार बना चुका है।
पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार
पीड़ित युवक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की मांग की है। उसकी शिकायत के आधार पर चकलांबा पुलिस स्टेशन में जालसाजी का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब गिरोह के फरार एजेंटों और अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है ताकि इस संगठित अपराध पर लगाम लगाई जा सके।