
डिजिटल डेस्क। मार्च की शुरुआत होते ही देश के कई हिस्सों में गर्मी (March heatwave India) ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। कई राज्यों में तापमान तेजी से बढ़ते हुए 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। राजस्थान के अकोला में अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी गर्मी का असर साफ महसूस किया जा रहा है।
हालांकि मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले कुछ दिनों में लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है। पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के प्रभाव से 8 से 12 मार्च के बीच पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है।
दिल्ली में टूटा 50 साल पुराना रिकॉर्ड
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी मार्च की गर्मी ने कई पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। शनिवार को यहां अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मार्च के पहले ही सप्ताह में इतनी गर्मी पड़ना पिछले करीब 50 वर्षों में दुर्लभ माना जा रहा है।
स्थिति यह है कि दिन में तेज धूप के कारण लोग घरों से बाहर निकलने से भी बच रहे हैं। महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र, मध्य प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और आंध्र प्रदेश में हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को भी कुछ इलाकों में हीटवेव की चेतावनी दी है। राजस्थान के अकोला के साथ ही महाराष्ट्र के अमरावती और वर्धा तथा हिमाचल प्रदेश के सोलन, मंडी, कुल्लू और कांगड़ा जिलों में गर्म हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।
मार्च में ही लू जैसी स्थिति
मौसम विभाग के अनुसार, मैदानी इलाकों में जब तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक पहुंच जाता है, तब हीटवेव की स्थिति मानी जाती है। अगर तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री ज्यादा हो जाए, तो इसका असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ सकता है और लू लगने का खतरा बढ़ जाता है।
इन राज्यों में हो सकती है बारिश
आने वाले तीन से चार दिनों के दौरान जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना है। कश्मीर घाटी के कुपवाड़ा, गांदरबल, बांदीपोरा और अनंतनाग के कुछ क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी देखने को मिल सकती है।
इसके अलावा सिक्किम, ओडिशा और केरल में भी बारिश के आसार हैं। पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में भी मौसम बदलने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।