
डिजिटल डेस्क, नईदुनिया। लगातार पड़ रही भीषण गर्मी के बीच गुरुवार को मौसम (Weather Update) ने अचानक रौद्र रूप धारण कर लिया। नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत और पूर्वी भारत के कई राज्यों में तेज आंधी, भारी बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं सामने आईं। खराब मौसम (Heavy Rain) के कारण बिजली आपूर्ति, रेल और हवाई सेवाएं भी प्रभावित हुईं।
उत्तर प्रदेश में गुरुवार देर रात से शुरू हुई तेज आंधी और बारिश ने व्यापक नुकसान पहुंचाया। पूरे प्रदेश में मौसम का असर देखने को मिला, लेकिन बुंदेलखंड और पूर्वांचल क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित रहे। वर्षा और आंधी से जुड़े हादसों में 20 लोगों की मौत की सूचना है।
पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में चौरीचौरा और गौरी बाजार रेलवे स्टेशनों के बीच रेल ट्रैक पर चार पेड़ गिरने से रेल परिचालन प्रभावित हुआ। वाराणसी में 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।
प्रयागराज में मई महीने की एक दिन की सर्वाधिक वर्षा का 55 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया। रात एक बजे से सुबह पांच बजे के बीच केवल चार घंटे में 61 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इससे पहले 18 मई 1971 को 54 मिलीमीटर वर्षा का रिकॉर्ड दर्ज हुआ था।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को नुकसान का आकलन कर 24 घंटे के भीतर राहत राशि वितरित करने के निर्देश दिए हैं।
बिहार में शुक्रवार को आंधी, बारिश और वज्रपात से भारी नुकसान हुआ। विभिन्न हादसों में 14 लोगों की मौत हो गई। पटना में 107 और गया में 74 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।
राज्य में सबसे अधिक 116 मिलीमीटर वर्षा मोतिहारी में दर्ज की गई। नेपाल में हुई बारिश के कारण पश्चिमी चंपारण जिले में गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। पुजहा घाट के पास संपर्क मार्ग पानी में डूबकर क्षतिग्रस्त हो गया।
खराब मौसम के चलते पटना एयरपोर्ट पर चार विमानों को डायवर्ट करना पड़ा, जबकि 36 उड़ानों का संचालन देरी से हुआ। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने के निर्देश दिए हैं।
रुद्रप्रयाग जिले के तुंगनाथ-चोपता क्षेत्र में शुक्रवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से लखनऊ निवासी दो भाइयों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 19 वर्षीय अभिनव वाजपेयी और 22 वर्षीय अभिषेक वाजपेयी के रूप में हुई है।
दोनों ट्रेकिंग के लिए क्षेत्र में पहुंचे थे। हादसे में उन्नाव निवासी शुभम शुक्ला, आजन मिश्रा और नीव मिश्रा घायल हो गए। प्रतिकूल मौसम में फंसे 50 से अधिक पर्यटकों को प्रशासन और राहत एजेंसियों ने सुरक्षित बाहर निकाला।
झारखंड के कई इलाकों में तेज हवाओं और बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन दो लोगों की मौत भी हुई। हिमाचल प्रदेश के कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि और बारिश दर्ज की गई, जबकि रोहतांग, शिंकुला और बारालाचा जैसी ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में तेज हवा के कारण अखरोट का पेड़ गिरने से 70 वर्षीय महिला की जान चली गई।
बारिश उत्तराखंड के लिए राहत लेकर आई। गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में जंगलों में लगी आग पूरी तरह बुझ गई। गढ़वाल में 354 घटनाओं में 305.78 हेक्टेयर और कुमाऊं में 83 घटनाओं में 69.29 हेक्टेयर वन क्षेत्र प्रभावित हुआ था।
दक्षिण बंगाल में शुक्रवार दोपहर आए भीषण तूफान, तेज बारिश और वज्रपात ने भारी तबाही मचाई। देर रात तक सात लोगों की मौत की पुष्टि हुई, जबकि कई लोग घायल हुए।
70 से 88 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं ने कोलकाता महानगर सहित हावड़ा और हुगली जिलों में जनजीवन प्रभावित कर दिया। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि देने तथा घायलों के इलाज का पूरा खर्च उठाने की घोषणा की।