
डिजिटल डेस्क, नईदुनिया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD Rain Alert) ने सोमवार को देश के विभिन्न हिस्सों के लिए ताजा मौसम पूर्वानुमान जारी करते हुए उत्तर, पूर्व, मध्य और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना (Weather Update)जताई है। विभाग के अनुसार, कई क्षेत्रों में तेज हवाओं, आंधी और बिजली चमकने की भी आशंका है। वहीं, राजस्थान में आने वाले दिनों में मानसून की गतिविधियां कमजोर रहने के कारण अधिकांश इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क बना रह सकता है।
-1783900874965.jpg)
मौसम विभाग के अनुसार अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, बिहार, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के अलग-अलग क्षेत्रों में भारी बारिश होने की संभावना है। इन राज्यों में स्थानीय प्रशासन और लोगों को मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने की सलाह दी गई है।

IMD ने पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान आने की संभावना जताई है। इसके अलावा गांगेय पश्चिम बंगाल, ओडिशा और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में भी तेज हवाओं के साथ मौसम बिगड़ सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार हिमालयी क्षेत्रों में मानसून सक्रिय बना रहेगा। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए भी सोमवार को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पूरे सप्ताह के दौरान छिटपुट बारिश होने का अनुमान है।
IMD के अनुसार राजस्थान में अगले सप्ताह मानसून कमजोर बना रह सकता है। इसके चलते राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन बारिश की गतिविधियां सामान्य से कम रहने का अनुमान है। पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में धूल भरी तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।
छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। वहीं पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ के कुछ हिस्सों में बिजली और तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान आने का अनुमान है। कोंकण और गोवा में व्यापक बारिश जारी रहने की संभावना है, जबकि मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, गुजरात, सौराष्ट्र और कच्छ में छिटपुट बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार तटीय कर्नाटक, केरल, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और लक्षद्वीप में भी बारिश होने की संभावना है। विभाग का कहना है कि उत्तर-पश्चिम, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में अगले तीन से चार दिनों तक भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। पश्चिमी तट के साथ-साथ मध्य और दक्षिण भारत के कई क्षेत्रों में भी बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
IMD ने भारी बारिश की चेतावनी वाले क्षेत्रों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार संवेदनशील इलाकों में जलभराव, स्थानीय स्तर पर बाढ़ और यातायात बाधित होने जैसी स्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। ऐसे में मौसम से जुड़े आधिकारिक अपडेट पर नजर रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई है।