
डिजिटल डेस्क। राजधानी दिल्ली में बारिश से मिली थोड़ी राहत अब खत्म होती नजर आ रही है और तापमान एक बार फिर बढ़ने लगा है। दिल्ली के बेस स्टेशन सफदरजंग में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। मौसम विभाग (Weather Update Today) ने आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि की संभावना जताई है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD Heatwaves Yellow Alert) ने इस सीजन में पहली बार बुधवार से शुक्रवार तक कुछ अलग-थलग इलाकों में लू की स्थिति को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। अनुमान है कि इस दौरान तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। यह स्थिति लोगों के लिए परेशानी बढ़ा सकती है।
अप्रैल के दूसरे पखवाड़े में उत्तरी छत्तीसगढ़ में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच रविवार को संभाग मुख्यालय अंबिकापुर का अधिकतम तापमान रिकार्ड 41 डिग्री पहुंच गया। चौबीस घंटे के भीतर तापमान में डेढ़ डिग्री की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। यह सामान्य औसत तापमान से चार डिग्री अधिक है। गर्मी के इस सीजन में पहली बार शहर का तापमान 40 डिग्री के ऊपर पहुंचा है।
शुक्रवार को दिल्ली में इस मौसम का अब तक का सबसे अधिक तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। हालांकि, उसी शाम मौसम में बदलाव आया और तेज बारिश, बिजली कड़कने और हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई। शनिवार को पारा 40 डिग्री से नीचे आ गया, लेकिन यह राहत ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी और रविवार को तापमान फिर बढ़ गया।
रविवार को उत्तरी दिल्ली स्थित रिज ऑब्जर्वेटरी 41.8 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म स्थान रहा। इसके बाद उत्तर-पश्चिमी दिल्ली का मुंगेशपुर 41 डिग्री सेल्सियस के साथ दूसरे स्थान पर रहा। मौसम विभाग के अनुसार, गर्म उत्तर-पश्चिमी हवाएं और लंबे समय तक धूप रहने के कारण तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है।
मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अगले कुछ दिनों में दिल्ली के साथ-साथ CG, UP, MP, पंजाब, हरियाणा और उत्तरी राजस्थान में भी तापमान बढ़ने की संभावना है। सोमवार और मंगलवार को अधिकतम तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जबकि बुधवार से शुक्रवार तक यह 41 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिक कृष्ण मिश्रा के अनुसार, हाल ही में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ आगे बढ़ चुका है, जिसके कारण हिमालयी क्षेत्रों में बारिश हुई थी। एक और पश्चिमी विक्षोभ 23 अप्रैल से हिमालय को प्रभावित कर सकता है, लेकिन यह कमजोर रहेगा। इसलिए अगले सात दिनों तक दिल्ली में गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। उन्होंने बताया कि सोमवार से कुछ स्थानों पर लू की स्थिति बन सकती है और 22 अप्रैल से इसका असर बढ़ सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, जब किसी दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक हो और यह सामान्य से 4.5 डिग्री या ज्यादा ऊपर हो, तो उसे हीटवेव माना जाता है। इसके अलावा यदि तापमान 45 डिग्री तक पहुंच जाए तो भी लू घोषित कर दी जाती है।