
डिजिटल डेस्क। देश के विभिन्न हिस्सों में मानसून सक्रिय (Monsoon Update) हो गया है और आने वाले दिनों में इसके और तेज होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD Rain Alert)) ने दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी (Weather Update) जारी की है। कई क्षेत्रों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट भी जारी किए गए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में 5 से 20 मिमी प्रति घंटे की रफ्तार से मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
दक्षिण-पूर्व दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, शाहदरा, मध्य दिल्ली, उत्तर-पूर्व दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, नई दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली और उत्तरी दिल्ली में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।
IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली के साथ हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 6 जुलाई तथा 10 जुलाई को कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। वहीं 7 से 9 जुलाई और 11 जुलाई को बारिश का दायरा और अधिक बढ़ सकता है। विभाग ने 6 से 9 जुलाई तथा 11 जुलाई के दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की है।
![]()
मध्य प्रदेश में भी मानसून की गतिविधियां तेज बनी हुई हैं। रविवार को राजधानी भोपाल सहित अधिकांश जिलों में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश दर्ज की गई। शाम करीब साढ़े चार बजे भोपाल में घने काले बादल छा गए, जिससे दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया। दृश्यता कम होने के कारण वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा। सीहोर और ग्वालियर में भी इसी तरह के हालात देखने को मिले, जिसके बाद झमाझम बारिश हुई।
मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश के बैतूल, अलीराजपुर, देवास, अनूपपुर, दमोह और सागर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं विदिशा, रायसेन, भोपाल समेत 43 जिलों को येलो अलर्ट में रखा गया है। विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक प्रदेश के मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
राजस्थान में भी मानसून के और सक्रिय होने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी राजस्थान में 6 से 10 जुलाई तक बहुत भारी बारिश हो सकती है और यह सिलसिला 11 जुलाई तक जारी रहने की संभावना है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में 7 और 8 जुलाई को भारी बारिश का पूर्वानुमान है। पूरे सप्ताह प्रदेश में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।
हिमाचल प्रदेश में 6 और 7 जुलाई को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि उत्तराखंड में 6 जुलाई को ऐसे ही हालात बने रह सकते हैं। दोनों राज्यों में 11 जुलाई तक व्यापक स्तर पर बारिश का अनुमान लगाया गया है। उत्तर प्रदेश में भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 10 और 11 जुलाई को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा 8 और 9 जुलाई को भी कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।