
डिजिटल डेस्क। जयपुर पुलिस ने छह राज्यों में सक्रिय एक अंतरराज्यीय ठग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपित लंबे समय से राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और पंजाब में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी, साइबर अपराध, चोरी और लूट जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह "मेवात टारगेट गैंग" के नाम से सक्रिय था। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गिरोह के सरगना शाकिब, ताहिर हुसैन और आन्दल के रूप में हुई है। तीनों हरियाणा के रहने वाले हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से 98 एटीएम और डेबिट कार्ड, एक कार, नकदी, पांच मोबाइल फोन और फर्जी नंबर प्लेट बरामद की हैं।
मामले का खुलासा झोटवाड़ा निवासी मुकेश मीणा की शिकायत के बाद हुआ। उन्होंने बताया कि एटीएम से पैसे निकालने के दौरान दो युवकों ने बातचीत में उलझाकर उनका कार्ड बदल लिया और बाद में खाते से रकम निकाल ली। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और 700 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर गिरोह तक पहुंच बनाई गई।
नई वारदात को अंजाम देने के इरादे से पहुंचे थे
पुलिस को सूचना मिली थी कि गिरोह के सदस्य जयपुर में नई वारदात को अंजाम देने के इरादे से पहुंचे हैं। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपितों ने कई राज्यों में वारदात करने की बात स्वीकार की है।
जांच में सामने आया कि बदमाश एटीएम बूथ के बाहर निगरानी करते थे और बुजुर्गों, महिलाओं या तकनीकी जानकारी कम रखने वाले लोगों को निशाना बनाते थे। वे बातचीत में उलझाकर पीड़ित का पिन नंबर देख लेते और मशीन की प्रक्रिया बाधित कर असली कार्ड की जगह नकली कार्ड थमा देते थे। बाद में दूसरे एटीएम से रकम निकाल लेते थे। विरोध होने पर कई बार वे जबरन कार्ड छीनकर फरार भी हो जाते थे।
कई मामलों में गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, गिरोह का सरगना शाकिब पहले भी कई मामलों में गिरफ्तार हो चुका है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में 16 मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2022 में भी उसके पास से 102 एटीएम कार्ड बरामद किए गए थे। फिलहाल पुलिस गिरोह के नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश, यूपी समेत 19 राज्यों में आंधी और भारी बारिश का अलर्ट, मानसून की एंट्री के साथ मौसम का दिखेगा रौद्र रूप