
डिजिटल डेस्क, नईदुनिया। भारतीय रेलवे (Indian Railway) के डिजिटल प्लेटफॉर्म में जल्द बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। रेलवे मंत्रालय ने घोषणा की है कि 15 जुलाई तक आईआरसीटीसी (IRCTC) की वेबसाइट का पूरी तरह से नया स्वरूप तैयार कर दिया जाएगा। इस बदलाव के बाद ट्रेन टिकट बुकिंग प्रक्रिया (IRCTC New Website) पहले से अधिक तेज, आसान और भरोसेमंद बनने की उम्मीद है। नई वेबसाइट में लॉगिन संबंधी तकनीकी समस्याओं को दूर किया जाएगा और पीक ऑवर्स में भी सर्वर बेहतर तरीके से काम करेगा।
रेलवे मंत्रालय के अनुसार नई वेबसाइट का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को सहज और तेज डिजिटल अनुभव देना है। इसके लिए वेबसाइट के यूजर इंटरफेस में बड़े बदलाव किए जा रहे हैं। नई प्रणाली को इस तरह डिजाइन किया जा रहा है कि टिकट बुकिंग के दौरान यात्रियों को बार-बार तकनीकी रुकावटों का सामना न करना पड़े।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि वेबसाइट की प्रतिक्रिया क्षमता को कई गुना बढ़ाया जा रहा है। इससे सुबह के समय और तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान भी सर्वर पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ेगा।
नई वेबसाइट की शुरुआत की कहानी जयपुर से जुड़ी हुई है। हाल ही में जयपुर स्थित मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNIT Jaipur) में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव (Ashwini Vaishnaw) और छात्रों के बीच संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
इस दौरान इंजीनियरिंग छात्रा लाभिषा मीणा ने IRCTC वेबसाइट की धीमी गति और टिकट बुकिंग (Online Ticket Booking) में आने वाली समस्याओं को रेल मंत्री के सामने रखा। छात्रा ने बताया कि वेबसाइट पर बार-बार जटिल कैप्चा आने और सर्वर धीमा होने के कारण आम यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। विशेष रूप से पीक ऑवर्स और तत्काल टिकट बुकिंग के समय वेबसाइट का सर्वर कई बार ठप हो जाता है, जिससे यात्रियों को टिकट बुक करने में कठिनाई होती है।
छात्रा की शिकायत सुनने के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अधिकारियों को 30 दिनों के भीतर डिजिटल प्लेटफॉर्म को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। रेल मंत्री के निर्देशों के बाद रेलवे प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी।
अगले ही दिन रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने लाभिषा मीणा के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की। इस बैठक में अधिकारियों ने छात्रा की समस्याओं और सुझावों को विस्तार से समझा।
रेलवे अधिकारियों ने नई वेबसाइट के प्रोटोटाइप को भी छात्रा के साथ साझा किया और उस पर सुझाव मांगे। रेलवे प्रशासन का यह कदम नागरिकों की प्रतिक्रिया को गंभीरता से लेने के उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है।
नई वेबसाइट में जटिल कैप्चा प्रक्रिया को आसान बनाया जाएगा या कई मामलों में समाप्त किया जा सकता है। इससे यात्रियों का समय बचेगा और टिकट बुकिंग प्रक्रिया अधिक सरल बनेगी। इसके अलावा पीएनआर स्टेटस जांचने, रिफंड की स्थिति देखने और अन्य यात्री सेवाओं तक पहुंच को भी पहले से अधिक तेज और सुविधाजनक बनाया जाएगा।
Thank you @AshwiniVaishnaw for addressing issues regarding captcha & @IRCTCofficial website. The Railway Board followed up the next day to take inputs regarding prototypes of the proposed new website. pic.twitter.com/r9KnSZaveG
— Labhisha (@LabhishaMeena) June 14, 2026
लाभिषा मीणा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर रेलवे प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने लिखा कि शिकायत के अगले ही दिन अधिकारियों ने संपर्क कर नई वेबसाइट के प्रोटोटाइप पर सुझाव मांगे। उन्होंने इसके लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे बोर्ड का आभार जताया।
छात्रा ने कहा कि यह देखकर अच्छा लगा कि आम नागरिकों की प्रतिक्रिया को इतनी गंभीरता से लिया जा रहा है। रेलवे की यह पहल भविष्य में यात्रियों के डिजिटल अनुभव को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।