बिहार के जमुई में युवती से हुई छेड़खानी के दो आरोपियों की पुलिस से मुठभेड़, नंदन को लगी गोली, साथी हरेराम का टूटा पैर
जमुई के कुंदर बराज के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। मुख्य आरोपी नंदन यादव घायल हुआ, साथी हरेराम का पैर टूटा। पुलिस ने चार आरोपियों को पकड़ा...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 22 Sep 2026 01:57:14 PM (IST)Updated Date: Tue, 22 Sep 2026 02:07:32 PM (IST)
जमुई छेड़खानी के दो आरोपियों की पुलिस से मुठभेड़। (सोशल मीडिया)HighLights
- कुंदर बराज के पास पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़ हुई।
- मुख्य आरोपी नंदन यादव के पैर में गोली लगी।
- साथी हरेराम यादव का पैर टूटने की जानकारी सामने आई।
डिजिटल डेस्क। जमुई जिले में हाल ही में हुई एक गंभीर आपराधिक वारदात के बाद पुलिस अब फुल एक्शन मोड में आ गई है। अपराधियों का खात्मा करने और उन्हें सलाखों के पीछे धकेलने के लिए पुलिस ने एक बड़ा अभियान छेड़ दिया है।
इसी कड़ी में कुंदर बराज के पास पुलिस और बदमाशों के बीच आमना-सामना हो गया, जो देखते ही देखते मुठभेड़ में तब्दील हो गया। इस कार्रवाई में एक मुख्य आरोपी के पैर में गोली लगी है, जबकि उसके एक अन्य साथी का पैर टूट गया है। पुलिस ने अब तक कुल चार आरोपियों को धर दबोचा है।
नंदन को लगी गोली, हरेराम का पैर टूटा
- सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस की टीम अपराधियों की तलाश में लगातार अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी दौरान कुंदर बराज के पास पुलिस का सामना इन बदमाशों से हो गया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने बचने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी।
- इस दौरान मुख्य आरोपी नंदन यादव के पैर में गोली लग गई। वहीं, उसके साथी हरेराम यादव का पैर टूट गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पकड़े गए दोनों मुख्य आरोपी (नंदन और हरेराम) बालिग हैं।
सदर अस्पताल छावनी में तब्दील, कड़ी सुरक्षा में इलाज जारी
- एनकाउंटर के तुरंत बाद पुलिस दोनों घायल बदमाशों को लेकर जमुई सदर अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज किया जा रहा है।
- मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अस्पताल परिसर और खासकर इमरजेंसी वार्ड के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है ताकि कोई भी अप्रिय स्थिति न पैदा हो सके।
पुलिस की गिरफ्त में चार आरोपी
इस पूरे ऑपरेशन में पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने कुल चार आरोपियों को अपनी गिरफ्त में लिया है। इनमें से तीन बदमाशों को सोमवार को ही धर दबोचा गया था, जबकि एक को मंगलवार को पकड़ा गया। पकड़े गए सभी संदिग्धों को किसी अज्ञात और सुरक्षित जगह पर रखा गया है, जहां उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है।
यह भी पढ़ें- छात्रा छोड़ने की लगाती रही गुहार, बिहार में मनचले मोरल पुलिसिंग के नाम पर करते रहे छेड़छाड़; मामला दर्ज
हथियारों की तलाश तेज, जल्द होगा बड़ा खुलासा
- फिलहाल जांच अधिकारी इस वारदात की पूरी कड़ी जोड़ने में लगे हुए हैं। पुलिस का मुख्य फोकस घटना में इस्तेमाल किए गए हथियारों को बरामद करने और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने पर है।
- हालांकि, जिले के आला पुलिस अधिकारियों ने अभी तक मुठभेड़ को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। सूत्रों का कहना है कि पूरी तफ्तीश होने के बाद पुलिस जल्द ही एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे मामले से पर्दा उठाएगी।
यह भी पढ़ें- अपना सिम दूसरे को देना पड़ सकता है भारी... तीन साल की जेल, 50 लाख तक जुर्माना, DoT की चेतावनी जारी