
डिजिटल डेस्क, बेतिया। राष्ट्रीय राजमार्ग 727 (NH-727) पर बेतिया-लौरिया मार्ग स्थित बसवरिया और पराउटोला के बीच शुक्रवार देर रात लगभग 11 बजे एक भीषण दुर्घटना घटी। गोरखपुर से बेतिया जा रही तेज रफ्तार 'शाही बस' ने सड़क किनारे खड़े होकर ऑर्केस्ट्रा का लुत्फ उठा रहे लोगों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, एनएच-727 किनारे स्थित धर्मेन्द्र दुबे के आवास पर शुक्रवार को छठिहार का कार्यक्रम आयोजित था। समारोह के उपलक्ष्य में घर के बाहर सड़क किनारे ऑर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया था, जिसे देखने के लिए आसपास के कई ग्रामीण सड़क किनारे एकत्र थे। इसी दौरान लौरिया की दिशा से आ रही अनियंत्रित और अत्यधिक तेज रफ्तार बस ने भीड़ को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरातफरी का माहौल बन गया।
टक्कर इतनी तेज थी कि दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिक और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां इलाज के क्रम में तीन और घायलों की मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- खरगोन में 51 छात्रों से भरी बस का ब्रेक फेल, पत्थरों की दीवार में अटककर खाई में गिरने से बची, खरगोन टला बड़ा हादसा
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान संजय महतो, भोला दुबे, बहादुर महतो, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई और मामले की जांच शुरू कर दी है।