
डिजिटल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में बुनियादी ढांचे और जन कल्याण के लिए कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए। सरकार ने कुल 8.8 लाख करोड़ रुपये के मेगा प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी है, जिसमें 'जल जीवन मिशन' का विस्तार और देश भर में कनेक्टिविटी सुधारने के लिए हवाई अड्डों व रेलवे लाइनों का जाल बिछाना शामिल है।
कैबिनेट का सबसे बड़ा फैसला 'जल जीवन मिशन' के दूसरे चरण (JJM 2.0) को लेकर रहा। इसके लिए 8.69 लाख करोड़ रुपये का विशाल बजट आवंटित किया गया है।
दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए खुशखबरी है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट को जोड़ने वाली 31.4 किलोमीटर लंबी ग्रीनफील्ड सड़क को मंजूरी मिली है। 3,630 करोड़ रुपये के इस प्रोजेक्ट में 11 किमी लंबी एलीवेटेड रोड शामिल है, जिससे फरीदाबाद, गुरुग्राम और दक्षिण दिल्ली से जेवर एयरपोर्ट पहुंचना बेहद आसान हो जाएगा।
तमिलनाडु के मदुरै एयरपोर्ट को अब आधिकारिक तौर पर 'इंटरनेशनल एयरपोर्ट' घोषित कर दिया गया है। इस नीतिगत फैसले से दक्षिण भारत में पर्यटन और निर्यात को वैश्विक पंख लगेंगे।
कैबिनेट ब्रीफिंग के दौरान केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि पीएम मोदी ने मंत्रियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पश्चिम एशिया के संकट का असर आम आदमी की जेब और देश की परियोजनाओं पर नहीं पड़ना चाहिए।
यह भी पढ़ें- बदला LPG गैस सिलेंडर मिलने का नियम... इतने दिन में होगी बुकिंग, सरकार ने क्यों लिया ये फैसला?
मोदी कैबिनेट ने मंगलवार को 6 बड़े फैसले किए हैं। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा, 'आज कैबिनेट में 6 बड़ी चर्चाएं हुईं। ये सभी फैसले करीब 8,80,000 करोड़ रुपये के हैं।
इसमें जल जीवन मिशन 2.0, मदुरै एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट घोषित करना, पश्चिम बंगाल में संतरागाछी से खड़गपुर तक चौथी रेलवे लाइन बनाना, सैंथिया-पाकुड़ चौथी लाइन, मध्य प्रदेश में बदनावर-थांदला-टिमरवानी हाईवे को चार लेन का बनाना और जे़वर एयरपोर्ट को फरीदाबाद की तरफ से जोड़ना शामिल है।- केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव