
डिजिटल डेस्क। बिहार की सियासत में आज एक नया इतिहास रचा गया है। 14 अप्रैल 2026 का यह दिन सम्राट चौधरी के लिए किसी सुनहरे स्वप्न के सच होने जैसा है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रहे सम्राट चौधरी ने बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेकर न केवल सत्ता के शिखर को छुआ है, बल्कि दशकों पुराने सियासी मिथकों को भी ध्वस्त कर दिया है।
सम्राट चौधरी को राजनीति विरासत में मिली, लेकिन मुख्यमंत्री की कुर्सी तक का रास्ता उन्होंने खुद अपनी जुझारू राजनीति से तय किया। उनके पिता शकुनी चौधरी बिहार के दिग्गज नेताओं में गिने जाते थे, जो कभी लालू प्रसाद यादव के बेहद करीबी और समाजवादी आंदोलन के स्तंभ थे।
मजे की बात यह है कि आज जिस लालू परिवार और तेजस्वी यादव के सम्राट सबसे मुखर विरोधी हैं, कभी उन्होंने राजनीति का 'क, ख, ग' लालू यादव की ही राजनीतिक पाठशाला (RJD) में सीखा था। आरजेडी के बाद वे जेडीयू में रहे और अंततः भाजपा में आकर अपनी असल पहचान बनाई।

सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री बनकर एक ऐसा कीर्तिमान स्थापित किया है, जो बिहार के इतिहास में अब तक केवल जननायक कर्पूरी ठाकुर के नाम था। वे बिहार के दूसरे ऐसे राजनेता बन गए हैं जो पहले उपमुख्यमंत्री रहे और बाद में मुख्यमंत्री की कुर्सी संभाली। अनुग्रह नारायण सिंह से लेकर सुशील मोदी और तेजस्वी यादव तक कोई भी डिप्टी सीएम इस रिकॉर्ड को नहीं तोड़ पाया था, लेकिन सम्राट ने आज इस फेहरिस्त में अपना नाम दर्ज करा लिया।
सम्राट चौधरी का राजनीतिक जीवन जितना प्रभावशाली रहा, उतना ही विवादों से घिरा भी रहा। महज 19 साल की उम्र में राबड़ी देवी की सरकार में कृषि राज्य मंत्री बनकर उन्होंने सबको चौंका दिया था। लेकिन यही उम्र उनके लिए कांटों का ताज बन गई।

सम्राट चौधरी अपनी बेबाकी के लिए जाने जाते हैं। नीतीश कुमार को सत्ता से हटाने के संकल्प के साथ 'मुरेठा' (पगड़ी) बांधने की उनकी जिद ने उन्हें सुर्खियों में रखा। हालांकि, समय के साथ राजनीति की करवटों ने उन्हें कई बार चर्चाओं में रखा- चाहे उनकी शैक्षणिक डिग्री पर जेडीयू द्वारा उठाए गए सवाल हों या प्रशांत किशोर के साथ हुए उनके तीखे जुबानी हमले।
यह भी पढ़ें- Bihar के छोटे से गांव से निकले सम्राट चौधरी, बिहार के मुख्यमंत्री बन संभालेंगे राज्य की कमान

आज जब सम्राट चौधरी बिहार की कमान संभाल रहे हैं, तो उनके सामने चुनौतियों का पहाड़ है, लेकिन 'नाबालिग मंत्री' से 'मुख्यमंत्री' बनने तक का उनका अनुभव उन्हें एक मंझा हुआ खिलाड़ी साबित करता है। बिहार अब एक नई उम्मीद के साथ सम्राट के इस दौर की शुरुआत को देख रहा है।