कैंसर से जंग हार गए भारतीय फोटोग्राफी के ‘जनक’ रघु राय, लेंस से जीवंत की थीं मदर टेरेसा और इंदिरा गांधी की यादें
विश्वप्रसिद्ध भारतीय फोटो पत्रकार रघु राय का 83 साल की आयु में रविवार को निधन हो गया। उन्होंने मदर टेरेसा और इंदिरा गांधी जैसी महान हस्तियों के जीवन क ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 26 Apr 2026 01:09:07 PM (IST)Updated Date: Sun, 26 Apr 2026 01:09:07 PM (IST)
दिग्गज फोटोग्राफर रघु राय का निधन (फोटो: सोशल मीडिया)HighLights
- रघु राय का 83 वर्ष की आयु में निधन
- वो दो सालों से कैंसर से जूझ रहे थे
- उन्हें पद्मश्री समेत कई बड़े सम्मान मिले
डिजिटल डेस्क। विश्वप्रसिद्ध भारतीय फोटो पत्रकार रघु राय का 83 साल की आयु में रविवार को निधन हो गया। वह पिछले दो सालों से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनके निधन की पुष्टि उनके बेटे ने की, जिन्होंने बताया कि प्रोस्टेट कैंसर से शुरू हुई यह बीमारी बाद में दिमाग तक फैल गई थी। उनके जाने से कला और पत्रकारिता जगत के एक युग का अंत हो गया है।
18 दिसंबर 1942 को वर्तमान पाकिस्तान के झंग में जन्मे रघु राय ने 1960 के दशक में अपने करियर की शुरुआत की। उन्होंने 'द स्टेट्समैन' से स्टाफ फोटोग्राफर के रूप में पहचान बनाई और बाद में इंडिया टुडे में डायरेक्टर ऑफ फोटोग्राफी के पद पर कार्य किया। प्रसिद्ध फ्रांसीसी फोटोग्राफर हेनरी कार्टियर-ब्रेसों की सिफारिश पर 1977 में वह प्रतिष्ठित 'मैग्नम फोटोज' का हिस्सा बने।
कैमरे से रचा भारत का दृश्य इतिहास
रघु राय की फोटोग्राफी ने आधुनिक भारत का सजीव दस्तावेज तैयार किया। उन्होंने भोपाल गैस त्रासदी की विभीषिका से लेकर बांग्लादेश मुक्ति युद्ध तक की मार्मिक तस्वीरों को दुनिया के सामने रखा। मदर टेरेसा और इंदिरा गांधी जैसी महान हस्तियों के जीवन के अनछुए पहलुओं को उन्होंने अपने लेंस में कैद किया। उन्होंने 'रिफ्लेक्शंस इन कलर' जैसी कई प्रभावशाली पुस्तकें भी लिखीं।
पद्मश्री समेत कई बड़े सम्मान मिले
- पद्मश्री (1972): उन्हें 1972 में बांग्लादेश मुक्ति युद्ध के दौरान खींची गई उनकी प्रभावशाली और मार्मिक तस्वीरों के लिए भारत सरकार द्वारा पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।
- फोटोग्राफर ऑफ द ईयर (1992): वर्ष 1992 में उन्हें अमेरिका में 'फोटोग्राफर ऑफ द ईयर' के खिताब से नवाजा गया।
- लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड (2017): भारतीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने साल 2017 में उन्हें 'लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड' प्रदान कर उनकी जीवनभर की साधना का सम्मान किया।
- अकादेमी दे बो-आर्ट्स फोटोग्राफी अवॉर्ड (2019): वर्ष 2019 में उन्हें इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय फोटोग्राफी पुरस्कार से सम्मानित किया गया।