
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री मुसादिक मलिक शंघाई सहयोग संगठन यानी एससीओ सिविलाइजेशन डायलॉग के लिए नई दिल्ली पहुंच गए हैं। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार किसी पाकिस्तानी मंत्री ने भारत की जमीन पर कदम रखा है। मलिक पिछले 3 वर्षों में भारत का दौरा करने वाले पहले पाकिस्तानी मंत्री हैं।
भारत में पाकिस्तान उच्चायोग के चार्ज डी अफेयर्स यानी कार्यवाहक प्रमुख साद वारैच ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। पाकिस्तान उच्चायोग ने एक्स पर एक पोस्ट में उनके आगमन की जानकारी दी। पोस्ट में लिखा गया, जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय के संघीय मंत्री डॉ. मुसादिक मलिक आज नई दिल्ली पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत प्रभारी साद वारैच ने किया। उच्चायोग ने इस पोस्ट के साथ उनकी फोटो भी शेयर की।
अपनी यात्रा के दौरान मलिक 20 से 22 नवंबर तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाले पहले एससीओ सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम के सत्रों में हिस्सा लेंगे। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, मलिक इस मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करेंगे और सभ्यताओं के बीच बातचीत के महत्व तथा कूटनीति के इस क्षेत्र में पाकिस्तान की भूमिका पर अपना नजरिया साझा करेंगे।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि मंत्री अपने संबोधन में एससीओ में पाकिस्तान की रचनात्मक भूमिका के साथ-साथ देश की विविध सभ्यतागत और सांस्कृतिक विरासत के बारे में भी बात करेंगे। बयान में कहा गया है, इस मंच में पाकिस्तान की भागीदारी शंघाई स्पिरिट के अनुरूप बातचीत, सहयोग और आपसी समझ को बढ़ावा देने में एक सक्रिय देश के रूप में उसके योगदान को दर्शाती है।
पाकिस्तान की भागीदारी ऐसे समय में हुई है जब भारत ने एससीओ के सभी 10 सदस्य देशों के साथ-साथ पर्यवेक्षक देशों और संवाद साझेदारों को इस शुरुआती फोरम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पहले ही पुष्टि कर दी थी कि एससीओ के सदस्य देशों सहित कई देशों को इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि नई दिल्ली इस संवाद की मेजबानी करने के लिए उत्सुक है।
भारत की ओर से शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य यूरेशियाई क्षेत्र में सांस्कृतिक आदान-प्रदान, आपसी समझ और लोगों के बीच संबंधों को मजबूत करना है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 20 अक्टूबर को ताजिकिस्तान के दुशान्बे में आयोजित एससीओ काउंसिल ऑफ हेड्स ऑफ गवर्नमेंट की बैठक को संबोधित करते हुए, पहले एससीओ सिविलाइजेशन्स डायलॉग फोरम की मेजबानी करने की भारत की योजना की घोषणा की थी।
Pakistan's Federal Minister for Climate Change and Environmental Coordination, Dr Musadik Masood Malik, arrives in Delhi. He is leading the Pakistan delegation to the first SCO Civilisations Dialogue Forum, being held here from 20-22 November 2026. (Pic: High Commission for Pakistan in India/X)
— ANI (@ANI) November 20, 2026
मंत्रालय ने आगे बताया कि पाकिस्तान फिलहाल 2026-27 के कार्यकाल के लिए एससीओ काउंसिल ऑफ हेड्स ऑफ स्टेट यानी राष्ट्राध्यक्षों की परिषद की अध्यक्षता कर रहा है। इसके तहत, अगले शिखर सम्मेलन से पहले इस्लामाबाद में मंत्री-स्तरीय बैठकें, विशेषज्ञ समूहों की चर्चाएं और अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। एससीओ में 10 सदस्य देश शामिल हैं, जिनमें भारत, पाकिस्तान, चीन और रूस हैं। भारत 2017 में इस समूह का पूर्ण सदस्य बना था।