
डिजिटल डेस्क,नईदुनिया। बिहार के गयाजी में एक ई-रिक्शा चालक के बैंक खाते में अचानक करीब 7.60 अरब रुपये का बैलेंस दिखाई देने से सनसनी फैल गई। डेल्हा थाना क्षेत्र के बागेश्वरी मोहल्ला निवासी शिव कुमार पटेल शनिवार को अपनी वृद्धावस्था पेंशन (Pension) की राशि निकालने के लिए सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के ग्राहक सेवा केंद्र (CAP) पहुंचे थे। आधार आधारित बैंकिंग सेवा के जरिए उन्होंने अपने खाते से एक हजार रुपये निकाले। निकासी के कुछ ही देर बाद उनके मोबाइल पर बैंक का एसएमएस आया, जिसने सभी को हैरान कर दिया।
SMS में उपलब्ध शेष राशि (Available Balance) के रूप में करीब 7 अरब 60 लाख रुपये का बैलेंस दिखाई दे रहा था। शिव कुमार और सीएसपी संचालक ने पहले इसे मजाक समझा, लेकिन संदेश दोबारा देखने पर दोनों हैरान रह गए। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कुछ ही समय में यह खबर पूरे बागेश्वरी इलाके में फैल गई। बड़ी संख्या में लोग शिव कुमार के घर पहुंचने लगे। कोई इसे बैंकिंग सिस्टम की तकनीकी गड़बड़ी बता रहा था, तो कोई मजाक में उन्हें 'अरबपति शिव पटेल' कहकर संबोधित करने लगा। पूरे दिन यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना रहा।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, शिव कुमार ने इस संबंध में अपने एक परिचित की मदद से सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की स्टेशन रोड शाखा के प्रबंधक से फोन पर बात की। बैंक प्रबंधक ने बताया कि दूसरा शनिवार और रविवार होने के कारण शाखा बंद है। पूरे मामले की जांच सोमवार को की जाएगी।
शिव कुमार ने बताया कि बैंक प्रबंधक ने उन्हें जांच पूरी होने तक खाते से किसी भी प्रकार का लेनदेन नहीं करने की सलाह दी है। साथ ही मोबाइल बैंकिंग या खाते से जुड़ी किसी भी जानकारी में बदलाव न करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि खाते में इतनी बड़ी राशि दिखाई देना बैंकिंग सिस्टम की तकनीकी त्रुटि है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। बैंक ने मामले की जांच का भरोसा दिया है। अब जांच के बाद इस रहस्यमयी बैलेंस की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।