सोमनाथ अमृत महोत्सव में शामिल हुए पीएम मोदी, 11 तीर्थों के पवित्र जल से किया कुंभाभिषेक
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को दो दिवसीय गुजरात दौरे के तहत गिर सोमनाथ पहुंचे, जहां उन्होंने ऐतिहासिक सोमनाथ मंदिर में आयोजित ‘सोमनाथ अमृत महोत् ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 11 May 2026 12:54:51 PM (IST)Updated Date: Mon, 11 May 2026 01:02:03 PM (IST)
सोमनाथ अमृत महोत्सव में शामिल हुए पीएम मोदी।HighLights
- दो दिवसीय गुजरात दौरे पर पहुंचे हैं पीएम
- प्रधानमंत्री ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की
- मोदी ने श्रद्धालुओं को संबोधित भी किया
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को दो दिवसीय गुजरात दौरे के तहत गिर सोमनाथ पहुंचे, जहां उन्होंने ऐतिहासिक सोमनाथ मंदिर में आयोजित ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव’ में हिस्सा लिया। इस दौरान पीएम मोदी ने विशेष महापूजा की और 11 तीर्थों के पवित्र जल से कुंभाभिषेक संपन्न किया।
इसके साथ ही मंदिर परिसर में ध्वजारोहण और ध्वज पूजा के धार्मिक अनुष्ठान भी आयोजित किए गए। सुबह प्रभास पाटन स्थित श्री सोमनाथ महादेव ज्योतिर्लिंग मंदिर पहुंचकर प्रधानमंत्री ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। सोमनाथ ट्रस्ट के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने मंदिर में आयोजित विशेष कार्यक्रमों में भाग लिया और श्रद्धालुओं को संबोधित भी किया।
सोमनाथ में भव्य रोड शो किया
कार्यक्रम से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने सोमनाथ में भव्य रोड शो किया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग उनके स्वागत के लिए सड़कों पर उमड़ पड़े। पूरे शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रधानमंत्री ने गिर सोमनाथ में सरदार वल्लभभाई पटेल को पुष्पांजलि भी अर्पित की।
एरोबेटिक्स टीम ने रोमांचक हवाई करतब दिखाए
सोमनाथ अमृत महोत्सव के अवसर पर भारतीय वायु सेना की सूर्य किरण एरोबेटिक्स टीम ने मंदिर परिसर के ऊपर रोमांचक हवाई करतब दिखाए, जिसने श्रद्धालुओं और उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
प्रधानमंत्री मोदी रविवार शाम बेंगलुरु और हैदराबाद के कार्यक्रमों के बाद जामनगर पहुंचे थे, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने लाल बंगला में एक जनसभा को संबोधित किया।
75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा
‘सोमनाथ अमृत महोत्सव’ मंदिर के पुनर्निर्माण और उद्घाटन के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। सोमनाथ मंदिर भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रमुख प्रतीक माना जाता है और यह भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है।