
डिजिटल डेस्क। वाशिंगटन डीसी के एक प्रतिष्ठित होटल में आयोजित 'व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर' (WHCD) के दौरान हुई सुरक्षा चूक और गोलीबारी की घटना ने पूरी दुनिया में हड़कंप मचा दिया। इस हमले के बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया दी है और राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप, प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के सुरक्षित होने पर संतोष व्यक्त किया।
पीएम मोदी ने 'एक्स' पर अपने संदेश में स्पष्ट रूप से कहा कि उन्हें यह जानकर राहत मिली है कि राष्ट्रपति ट्रंप और उनके सहयोगी इस घटना में सुरक्षित और बिना किसी नुकसान के बाहर निकल आए हैं। उन्होंने लिखा, 'यह जानकर राहत मिली कि वाशिंगटन डीसी के एक होटल में हुई सुरक्षा घटना के बाद राष्ट्रपति ट्रंप, प्रथम महिला और उपराष्ट्रपति सुरक्षित और स्वस्थ हैं। मैं उनकी निरंतर सुरक्षा और कुशल मंगल की कामना करता हूं। लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं है और इसकी स्पष्ट रूप से निंदा की जानी चाहिए।'
Relieved to learn that President Trump, the First Lady and Vice President are safe and unharmed following the recent security incident at a Washington DC hotel. I extend my best wishes for their continued safety and well-being. Violence has no place in a democracy and must be…
— Narendra Modi (@narendramodi) April 26, 2026
यह घटना शनिवार रात को उस समय हुई, जब सैकड़ों पत्रकार, राजनेता और मशहूर हस्तियां वार्षिक डिनर के लिए वॉशिंगटन हिल्टन होटल में जमा हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुरक्षा घेरे के पास गोलियों की आवाज सुनी गई, जिसके बाद सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने तुरंत राष्ट्रपति ट्रंप और अन्य गणमान्य व्यक्तियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इस अफरा-तफरी के बीच सुरक्षाकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध हमलावर को हिरासत में ले लिया है।
गोलीबारी की इस घटना पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने विस्तृत जानकारी साझा की है। कार्यक्रम के प्रवेश द्वार पर सुरक्षा जांच क्षेत्र के पास एक सशस्त्र हमलावर द्वारा फायरिंग की कोशिश के बाद पूरे परिसर को तुरंत खाली करा दिया गया। व्हाइट हाउस में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने बताया कि हमलावर को हिरासत में ले लिया गया है।
उन्होंने संदिग्ध को बेहद बीमार व्यक्ति बताते हुए खुलासा किया कि उसके पास कई घातक हथियार थे। ट्रंप के अनुसार, हमलावर लगभग 50 गज की दूरी से हमला करने के इरादे से दौड़ा था, लेकिन सीक्रेट सर्विस एजेंट्स की त्वरित प्रतिक्रिया और बहादुरी के कारण उसे समय रहते रोक लिया गया।
राष्ट्रपति ने जानकारी दी कि संदिग्ध ने एक सुरक्षा अधिकारी पर भी गोली चलाई थी। सौभाग्य से, अधिकारी सुरक्षित हैं। ट्रंप ने कहा, "सुरक्षा अधिकारी इसलिए बच पाए क्योंकि उन्होंने एक उच्च गुणवत्ता वाली बुलेटप्रूफ जैकेट पहनी हुई थी।" उन्होंने एजेंट्स के 'रिएक्शन टाइम' और उनके शानदार काम की तारीफ की।