_2026511_13150_m.webp)
डिजिटल डेस्क, नईदुनिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को गुजरात (PM Modi Gujarat Visit) के गिर सोमनाथ पहुंचे। यहां उन्होंने सोमनाथ अमृत महोत्सव (Somnath Amrut Mahotsav) में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम से पहले प्रधानमंत्री ने सोमनाथ में भव्य रोडशो किया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग उनका स्वागत करने के लिए सड़कों पर उमड़े। पूरे शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
गुजरात पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने गिर सोमनाथ में सरदार वल्लभभाई पटेल को पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने प्रभास पाटन स्थित श्री सोमनाथ महादेव ज्योतिर्लिंग मंदिर में पूजा-अर्चना की। प्रधानमंत्री ने मंदिर परिसर में आयोजित विशेष महा पूजा में भी भाग लिया।
सोमनाथ मंदिर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान कुंभाभिषेक और ध्वजारोहण समारोह संपन्न हुए। ये अनुष्ठान मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा और धार्मिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा माने जाते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोमनाथ ट्रस्ट के अध्यक्ष के रूप में सभी धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता निभाई।
सोमनाथ अमृत महोत्सव के अवसर पर भारतीय वायु सेना की सूर्य किरण एक्रोबेटिक्स टीम ने भी हवाई प्रदर्शन किया।
बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक माने जाने वाले सोमनाथ मंदिर के ऊपर किए गए एयर शो ने कार्यक्रम को और आकर्षक बना दिया। श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने इस प्रदर्शन का उत्साह के साथ आनंद लिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बेंगलुरु और हैदराबाद के कार्यक्रमों के बाद रविवार शाम गुजरात के जामनगर पहुंचे थे। वहां भाजपा समर्थकों और स्थानीय लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने लाल बंगला में एक जनसभा को संबोधित किया। प्रधानमंत्री दो दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं।
सोमनाथ अमृत महोत्सव मंदिर के जीर्णोद्धार के बाद उद्घाटन के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। यह मंदिर भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रमुख प्रतीक माना जाता है।