पंजाब सरकार ने हरभजन सिंह से छीनी Z+ सिक्योरिटी, जालंधर में घर के बाहर से हटाए गए सभी सुरक्षाकर्मी
पंजाब की राजनीति में मचे घमासान के बीच भगवंत मान सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने पूर्व दिग्गज क्रिकेटर और आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सा ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 26 Apr 2026 11:22:44 AM (IST)Updated Date: Sun, 26 Apr 2026 11:24:14 AM (IST)
पंजाब सरकार ने हरभजन सिंह से छीनी Z+ सिक्योरिटीHighLights
- मान सरकार ने वापस ली हरभजन सिंह की Z+ सुरक्षा
- हरभजन के जालंधर आवास से हटाए गए सुरक्षाकर्मी
- पार्टी छोड़ने वाले 7 संभावित नामों में हरभजन भी शामिल
डिजिटल डेस्क। पंजाब की राजनीति में मचे घमासान के बीच भगवंत मान सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने पूर्व दिग्गज क्रिकेटर और आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह की जेड प्लस (Z+) सुरक्षा वापस ले ली है। रविवार सुबह जालंधर स्थित उनके निवास से सुरक्षाकर्मियों को हटा दिया गया।
यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब आम आदमी पार्टी के भीतर भारी उथल-पुथल और बगावत की खबरें सुर्खियां बटोर रही हैं। सूत्रों की मानें तो यह कदम हालिया राजनीतिक बदलावों का परिणाम है। इससे पहले, पार्टी का साथ छोड़कर भाजपा का दामन थामने वाले राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा की सुरक्षा भी वापस ली गई थी, जिन्हें बाद में केंद्र सरकार द्वारा जेड प्लस सुरक्षा प्रदान की गई।
पार्टी छोड़ने वाले 7 संभावित नामों में हरभजन भी शामिल
विवाद की जड़ राघव चड्ढा का वह दावा माना जा रहा है, जिसमें उन्होंने कहा था कि 'आप' के सात राज्यसभा सांसद पार्टी छोड़ने की तैयारी में हैं। इन संभावित नामों में हरभजन सिंह का नाम भी चर्चाओं में है। हालांकि, हरभजन सिंह ने इन अटकलों पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। दूसरी ओर, पार्टी नेतृत्व का कहना है कि केवल तीन सांसदों ने ही साथ छोड़ा है।
यह भी पढ़ें- आम आदमी पार्टी में बड़ी फूट... राघव चड्ढा समेत दो-तिहाई राज्यसभा सांसद भाजपा में होंगे शामिल
बगावत से गुस्से में 'आप' कार्यकर्ता
सांसदों की संभावित बगावत से 'आप' कार्यकर्ता भी आक्रोशित हैं। जालंधर, लुधियाना और फगवाड़ा में कई सांसदों के घरों और दफ्तरों के बाहर विरोध प्रदर्शन हुए हैं। प्रदर्शनकारियों ने दीवारों पर आपत्तिजनक नारे भी लिखे, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई है। सुरक्षा हटाए जाने के इस फैसले ने इन कयासों को और हवा दे दी है कि क्या हरभजन सिंह भी पार्टी से दूरी बना रहे हैं।