
डिजिटल डेस्क। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन के कथित इस्तेमाल के मामले में दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए साहिल लोचव की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज की है। बता दें कि एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को संसद मार्ग थाने पहुंचे थे।
धरने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए डीसीपी सचिन शर्मा कार्यालय से बाहर आए और कांग्रेस नेताओं को समझाने का प्रयास किया। इसी बीच कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी भी संसद मार्ग थाने पहुंचीं। इसके बाद डीसीपी सभी प्रमुख नेताओं को वार्ता के लिए थाने के भीतर ले गए, जहां पुलिस अधिकारियों और कांग्रेस शिष्टमंडल के बीच वार्ता की।
यह पूरा मामला जंतर-मंतर पर सीजेपी (CJP) के प्रदर्शन से जुड़ा है, जहां आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने भीड़ पर पैलेट गन का इस्तेमाल किया। राहुल गांधी की मांग है कि जिन पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों पर पैलेट गन चलाई, उनके खिलाफ अविलंब एफआईआर दर्ज की जाए।
संसद मार्ग थाने के बाहर राहुल गांधी के साथ साहिल लोहचब भी धरने पर बैठे रहे। दूसरी ओर, डीसीपी ने कांग्रेस नेताओं को स्पष्ट किया कि मामले की जांच दिल्ली पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- अब इंदौर से साफ-सफाई सीखेगा पश्चिम बंगाल, कैबिनेट मंत्री दिलीप घोष ने की महापौर पुष्यमित्र भार्गव से मुलाकात
उल्लेखनीय है कि 20 जुलाई को प्रदर्शन के दौरान तीन युवक घायल हुए थे, जो खुद आरएमएल (RML) अस्पताल में भर्ती हुए थे और अगले दिन उन्हें छुट्टी दे दी गई थी। पुलिस सूत्रों का कहना है कि घायल युवकों से उनकी पहचान और प्रोफाइल के संबंध में पूछताछ की गई थी, लेकिन उन्होंने जांच में सहयोग नहीं किया। पुलिस यह स्पष्ट करने का प्रयास कर रही है कि घायल व्यक्ति छात्र थे या नहीं।