
डिजिटल डेस्क, नईदिल्ली। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपने पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या को लेकर एक बड़ा दावा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजीव गांधी की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी, ताकि उनकी हत्या की जा सके।
राहुल ने यह बात अपनी मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी के साथ एक वीडियो बातचीत के दौरान कही। इस बातचीत में परिवार ने किताब 'Belonging' पर चर्चा करते हुए राजीव गांधी से जुड़ी कई पुरानी घटनाओं को याद किया।
राहुल गांधी के मुताबिक, उन्हें पहले ही अंदेशा हो गया था कि उनके पिता की जान को खतरा है। उन्होंने अपनी मां सोनिया गांधी को चेतावनी भी दी थी कि अगर पिता की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम नहीं उठाए गए, तो उन्हें जल्द ही उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए विदेश से भारत लौटना पड़ सकता है।
मई 1991 में राहुल गांधी की यह आशंका सच साबित हुई। राजीव गांधी की हत्या के बाद राहुल अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए भारत लौटे थे। इससे पहले 1984 में उनकी दादी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की उनके सिख अंगरक्षकों ने हत्या कर दी थी।
राहुल गांधी ने वीडियो बातचीत में कहा कि उनके पिता की सुरक्षा हटाना कोई सामान्य घटना नहीं थी। उनके मुताबिक, ऐसा जानबूझकर किया गया था, ताकि राजीव गांधी की हत्या हो सके।
उन्होंने कहा कि उस समय हालात किस दिशा में जा रहे थे, यह साफ दिखाई दे रहा था। उन्होंने इस मुद्दे पर अपने पिता और मां दोनों से बात की थी। राहुल ने बताया कि सुरक्षा को लेकर उनकी अपने पिता से बहस भी हुई थी। राहुल का मानना था कि उनके पिता की सुरक्षा के साथ समझौता किया जा रहा था और इसके पीछे एक सोची-समझी रणनीति थी।
इंदिरा गांधी की हत्या के बाद राजीव गांधी को अचानक देश का प्रधानमंत्री बनाया गया था। उस दौरान उनकी सुरक्षा काफी कड़ी कर दी गई थी। वह लंबे समय तक बुलेटप्रूफ जैकेट पहनते थे और कमांडो के सुरक्षा घेरे में रहते थे।
हालांकि, 1989 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा और राजीव गांधी प्रधानमंत्री पद से हट गए। चुनाव के बाद वीपी सिंह के नेतृत्व वाले गठबंधन ने आरोप लगाया था कि राजीव गांधी की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था उन्हें आम लोगों से दूर कर रही है।
'टाइम' मैगजीन की रिपोर्ट के मुताबिक, 5 मई को बिहार में एक चुनावी रैली के दौरान राजीव गांधी ने अपनी सुरक्षा और राजनीतिक जीवन को लेकर बात की थी। उन्होंने कहा था कि 1984 में कांग्रेस महासचिव रहते हुए वह इसी तरह चुनाव प्रचार करते थे। लेकिन प्रधानमंत्री बनने के बाद वह पूरी तरह सिस्टम के दायरे में बंध गए थे।
राजीव गांधी ने यह भी स्वीकार किया था कि उनके लिए खतरा अभी कम नहीं हुआ है। उनके सामने दो ही विकल्प थे- चुनाव प्रचार करना या अपनी सुरक्षा पर ध्यान देना।
सोनिया गांधी ने भी बिहार दौरे को याद करते हुए बताया कि यह यात्रा बेहद डरावनी थी। उस समय राजीव गांधी विपक्ष के नेता थे और एक खुली जीप में यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों ने उन पर पत्थर फेंके और उनके खिलाफ नारेबाजी की।
The proposal didn’t go according to plan and neither did my seventh birthday. The decision in 2004 gave some of us relief but others joy. There was an intention behind withdrawing Papa’s security. And even after 500+ pages there are some things Ma has left out of her book. Priyanka and I sat down with our mother to talk through all of it. Going back to those memories brought back the joy, the laughter and even the pain we felt at the time. Ma's journey of Belonging has been full of enormous love and terrible tragedy, and she has met all of it with dignity and courage.
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) November 24, 2026
सोनिया गांधी के मुताबिक, बिहार दौरे के दौरान राहुल गांधी लगातार अपने पिता के साथ थे। उन्होंने अपनी आंखों से देखा था कि राजीव गांधी पर पत्थर फेंके जा रहे हैं और लोग उनके खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस घटना के बाद घर लौटकर राहुल ने अपनी मां से कहा था कि अगर पिता की सुरक्षा के लिए कुछ नहीं किया गया, तो उन्हें जल्द ही उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए वापस आना पड़ सकता है।
सोनिया गांधी ने बताया कि राहुल की यह बात सुनकर वह काफी चिंतित हो गई थीं। उन्होंने कहा कि उस समय केंद्र या राज्य में किसी भी पार्टी की सरकार हो, विपक्षी नेताओं की सुरक्षा को लेकर गंभीरता की कमी रहती थी।
प्रियंका गांधी ने बातचीत के दौरान बताया कि इंदिरा गांधी की हत्या के बाद सोनिया गांधी अपने पति राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर काफी चिंतित रहती थीं।
वह घर में लगे कांटेदार तारों की नियमित जांच करती थीं। इसके अलावा वह यह भी देखती थीं कि सुरक्षा में तैनात गार्ड ठीक से ड्यूटी कर रहे हैं या नहीं।
प्रियंका ने बताया कि उनका कमरा घर के सामने की तरफ था, इसलिए उन्हें मां की गतिविधियों के बारे में पता चल जाता था। सोनिया गांधी तब तक नहीं सोती थीं, जब तक उन्हें राजीव गांधी के घर लौटने और उनके कदमों की आहट सुनाई नहीं दे जाती थी।
प्रियंका ने कहा कि पिता की मौत को लेकर राहुल गांधी का नजरिया तार्किक था, जबकि उनकी अपनी प्रतिक्रिया उस समय भावनात्मक थी।
21 मई 1991 को राजीव गांधी तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर पहुंचे थे। वहां एक महिला चंदन की माला लेकर उनके पास आई। वह राजीव गांधी को माला पहनाने के लिए झुकी और इसी दौरान जोरदार बम धमाका हुआ। इस विस्फोट में राजीव गांधी की मौत हो गई थी। उस समय उनकी उम्र 46 साल थी। इस घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया था।