डिजिटल डेस्क, कोलकाता। पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार का पहला और बहुप्रतीक्षित कैबिनेट विस्तार सोमवार को राजभवन में संपन्न हुआ। भव्य शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल आर.एन. रवि ने 35 नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
13 विधायक बने कैबिनेट मंत्री
कैबिनेट विस्तार में 13 नेताओं को पूर्ण कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया। इनमें तापस राय, मनोज उरांव, अर्जुन सिंह, गौरीशंकर घोष, दीपक बर्मन, शारद्वत मुखर्जी, अरूप कुमार दास, स्वपन दासगुप्ता, कल्याण चक्रवर्ती, शंकर घोष और दूधकुमार मंडल प्रमुख हैं।
3 मंत्रियों को स्वतंत्र प्रभार, 19 बने राज्य मंत्री
सरकार ने मालती राभा राय, राजेश महतो और इंद्रनील खां को स्वतंत्र प्रभार सौंपा है। वहीं अशोक डिंडा, कौशिक चौधरी, जुएल मुर्मू, हरेकृष्ण बेरा, शांतनु प्रमाणिक, उमेश राय, पूर्णिमा चक्रवर्ती, भास्कर भट्टाचार्य, दिवाकर घरामी, नादिया चंद बाउड़ी, गार्गी दास घोष, अमिया किस्कू, कलिता माजी, बिराज विश्वास, सुमना सरकार, आनंदमय बर्मन, विशाल लामा और दीपांकर जाना को राज्य मंत्री बनाया गया है।
शपथ समारोह में दिखी बंगाली संस्कृति की झलक
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान अधिकांश मंत्री पारंपरिक बंगाली परिधान ‘धोती-पंजाबी’ में नजर आए। इसे भाजपा की ओर से बंगाल की सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय पहचान के प्रति सम्मान के संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
आज ही होगा विभागों का बंटवारा
9 मई को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उस समय अग्निमित्रा पाल, दिलीप घोष, निशिथ प्रमाणिक, अशोक कीर्तनिया और खुदीराम टुडु को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था। अब कैबिनेट विस्तार के बाद सभी मंत्री राज्य सचिवालय ‘नवान्न’ पहुंचेंगे, जहां मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी पहली मंत्रिपरिषद बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
सूत्रों के अनुसार, इसी बैठक में विभागों का आवंटन भी किया जाएगा। माना जा रहा है कि उत्तर बंगाल, जंगलमहल और दक्षिण बंगाल के राजनीतिक एवं क्षेत्रीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए विभागों का बंटवारा किया जाएगा।
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार, शांतनु ठाकुर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य, कैबिनेट मंत्री अग्निमित्रा पाल समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।