
डिजिटल डेस्क। महाराष्ट्र के पुणे में हुए चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुलिसिया तफ्तीश जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। पुलिस जांच में अब यह बात सामने आई है कि इस पूरी वारदात के पीछे मुख्य आरोपी सिया गोयल को उसके लिव-इन पार्टनर और सह-आरोपी चेतन चौधरी ने उकसाया था। इस शह के बाद ही दोनों ने मिलकर केतन को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान तैयार किया।
इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब पुलिस मुख्य आरोपी सिया गोयल के भाई से भी गहन पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या इस साजिश की भनक परिवार के किसी अन्य सदस्य को भी थी।
पुणे ग्रामीण पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक, बीती 18 जून को सिया गोयल और चेतन चौधरी ने केतन अग्रवाल को लोहागढ़ किले की ट्रैकिंग के बहाने बुलाया था। जब वे सभी किले के सुसाइड/क्लिफ पॉइंट पर पहुंचे, तो सिया ने पहले से तय योजना के अनुसार चेतन को एक गुप्त इशारा (सिग्नल) दिया। सिया का संकेत मिलते ही चेतन ने पीछे से केतन को गहरी खाई में धक्का दे दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
शुरुआती मीडिया रिपोर्ट्स में यह कयास लगाए जा रहे थे कि केतन अग्रवाल के विग पहनने की वजह से सिया उन्हें नापसंद करती थी और इसी चिढ़ में उसने यह कदम उठाया। हालांकि, पुलिस सूत्रों ने इस थ्योरी को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि केतन का विग पहनना सच है, लेकिन सिर्फ इसी एक वजह से इतनी बड़ी हत्या को अंजाम नहीं दिया जा सकता; इसके पीछे अन्य गहरे कारण भी हैं।
दूसरी तरफ, मुख्य आरोपी सिया की मां ने अपनी बेटी का बचाव करते हुए दावा किया है कि सिया 18 जून को लोहागढ़ जाने के पक्ष में ही नहीं थी। उन्होंने बताया, "17 जून की शाम को वीडियो कॉल पर केतन और उसकी मां ने सिया से काफी जिद की थी। सिया ने अगले दिन के एक कार्यक्रम का हवाला देकर आराम करने की बात कही थी, लेकिन केतन के परिवार के दबाव के चलते वह जाने के लिए तैयार हुई।"
यह भी पढ़ें- ऑपरेशन सिंदूर के शहीदों का पहली बार आधिकारिक खुलासा, सरकार ने जारी किए छह वीर जवानों के नाम
इस बीच, सोशल मीडिया और मीडिया के एक धड़े में चल रही उन खबरों पर भी सिया के पिता ने विराम लगा दिया है, जिनमें शादी के बेहद भव्य और वीआईपी होने की बातें कही जा रही थीं।
संवाददाताओं से चर्चा के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि शादी उदयपुर में जरूर तय हुई थी, लेकिन कोई महल या चार्टर्ड प्लेन बुक नहीं किया गया था। उन्होंने बताया कि शादी के लिए एक होटल में करीब 70 कमरे बुक किए गए थे, जिसका किराया प्रति कपल 81,000 रुपये प्रतिदिन था। पूरी शादी का कुल बजट 3 करोड़ रुपये के आसपास था, न कि उससे ज्यादा जैसा मीडिया में दावा किया जा रहा है।