
एजुकेशन डेस्क, नई दिल्ली। महाराष्ट्र में 28 जून, 2026 को आयोजित होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) से ठीक एक दिन पहले पेपर लीक होने का एक बड़ा मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, परीक्षा शुरू होने से महज 24 घंटे पहले महाराष्ट्र के ठाणे से यह प्रश्नपत्र लीक हो गया।
मामले की भनक लगते ही पुलिस ने ठाणे में एक बड़ा तलाशी अभियान चलाया, जिसके बाद लीक हुए पेपर को बरामद कर लिया गया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए रैकेट से जुड़े कई संदिग्धों को हिरासत में भी लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है।
इस गंभीर गड़बड़ी और धांधली के सामने आने के बाद राज्य के शिक्षा विभाग ने तुरंत बड़ा कदम उठाते हुए पूरे प्रदेश में होने वाली इस शिक्षक पात्रता परीक्षा को रद करने का फैसला लिया है। पेपर लीक की खबर से परीक्षा की तैयारी में जुटे लाखों उम्मीदवारों को तगड़ा झटका लगा है।
यह भी पढ़ें- TET एग्जाम में बार-बार रिपीट होते हैं ये प्रश्न, महत्वपूर्ण दिवसों से हर साल बनते हैं कई सवाल
शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए इस पूरे मामले की विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। इसके साथ ही, प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए संशोधित परीक्षा कार्यक्रम (नई एग्जाम डेट) की घोषणा भी जल्द की जाएगी।