
डिजिटल डेस्क, गुवाहाटी। असम के गोलाघाट जिले में काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के करीब शुक्रवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। नेशनल हाईवे 715 पर स्थित रोंगाजन क्षेत्र में यात्रियों से भरी एक ट्रैवलर और भारी ट्रेलर ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में 24 यात्रियों की जान चली गई है, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं।
पुलिस विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, लगभग 40 यात्रियों को लेकर यह ट्रैवलर ऊपरी असम के जोरहाट से गुवाहाटी की तरफ जा रही थी। कोहोरा रेंज के अंतर्गत हाथीकुली टी एस्टेट के समीप रोंगाजन में वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रहे ट्रेलर ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मिनी-बस के परखच्चे उड़ गए।
सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस स्वप्ननील डेका के अनुसार, 'अब तक 24 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, डीसी बिस्वजीत फुकन ने बताया, 'बाकी सात लोगों को जोरहाट भेजा गया है, लेकिन अभी उनकी स्थिति के बारे में पक्की जानकारी नहीं मिल पाई है। घायलों को जोरहाट मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है। इनमें बच्चे भी शामिल हैं। हमारे पास अभी महिलाओं और पुरुषों की सटीक संख्या नहीं है।'
दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को निकटवर्ती कोहोरा मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, घायल यात्रियों में कई की हालत नाजुक बनी हुई है, जिनका विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उपचार चल रहा है।
यह भी पढ़ें- एमपी में अब गांव में ही मिलेगा आयुर्वेद-होम्योपैथी-यूनानी इलाज, 318 नए डॉक्टरों की हुई नियुक्ति
इस दर्दनाक दुर्घटना पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि इस अपूरणीय क्षति ने पूरे राज्य को झकझोर दिया है और दुख की इस घड़ी में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता घायलों को बिना किसी विलंब के सर्वोत्तम चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना है। उन्होंने जानकारी दी कि मंत्री अतुल बोरा स्वयं घटनास्थल पर मौजूद रहकर बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।