उत्तराखंड में बस खाई में गिरने से 8 की मौत, यात्रियों की चेतावनी के बाद भी ड्राइवर ने कम नहीं की थी स्पीड
टिहरी गढ़वाल के गूलर बाजार के पास तेज रफ्तार बस गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 8 लोगों की मौत और 26 घायल हुए हैं, जिनमें 6 की हालत गंभीर है।
Publish Date: Tue, 17 Nov 2026 10:07:59 AM (IST)Updated Date: Tue, 17 Nov 2026 11:15:16 AM (IST)
उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में भीषण सड़क हादसा। (सोशल मीडिया)HighLights
- टिहरी में बस 100 मीटर गहरी खाई में गिरी।
- हादसे में 8 लोगों की दर्दनाक मौत हुई।
- 26 घायलों को ऋषिकेश एम्स में भर्ती कराया गया।
डिजिटल डेस्क, उत्तराखंड। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में गूलर बाजार के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार के कारण एक बस पुल से करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ (SDRF) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
टिहरी की जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल और एसएसपी श्वेता चौबे भी घटना का जायजा लेने के लिए मौके के लिए रवाना हो चुकी हैं। इस भयानक हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत की खबर है, जबकि 26 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
बस में सवार थे 30 से 35 लोग
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे के वक्त बस में 30 से 35 यात्री सवार थे। एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की मुस्तैदी से करीब 20 घायलों को सुरक्षित निकालकर तुरंत एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। राहत और बचाव कार्य अभी भी युद्धस्तर पर जारी है, ताकि खाई में फंसे बाकी लोगों को भी जल्द से जल्द बाहर निकाला जा सके।
एम्स में चल रहा घायलों का इलाज, 6 की हालत गंभीर
- एम्स (AIIMS) के नोडल अधिकारी डॉ. मधुर उनियाल ने बताया कि प्रशासन से हादसे की सूचना मिलने के बाद सुबह 6:30 बजे से ही अस्पताल में घायलों का आना शुरू हो गया था। अब तक 26 लोगों को एम्स लाया जा चुका है।
इनमें से 2 लोगों को मृत अवस्था में लाया गया था। इसके बाद 5 और लोगों को लाया गया, जिनकी जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों की टीम लगातार घायलों के इलाज में जुटी हुई है। डॉ. उनियाल के अनुसार, शुरुआती जांच में 6 मरीजों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है और अधिकतर घायलों को गहरी चोटें आई हैं। यात्रियों की चेतावनी के बावजूद तेज रफ्तार में थी बस
- हादसे में घायल हुए पंकज नाम के एक यात्री ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि बस का ड्राइवर काफी तेज गति से गाड़ी चला रहा था। पंकज ने कहा कि मैंने खुद ड्राइवर को बस की स्पीड कम करने के लिए कहा था। रास्ते में मेरी आंख लग गई और अचानक यह भयानक हादसा हो गया।
- पंकज के मुताबिक, सफर के दौरान बस में बैठे कई अन्य यात्रियों ने भी ड्राइवर को रफ्तार कम करने की हिदायत दी थी, लेकिन उसने किसी की नहीं सुनी और बस को फुल स्पीड में दौड़ाता रहा, जिसका अंजाम इतना खौफनाक हुआ।