कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे से दिल्ली-जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे पर जाने वाले वाहनों को अब देना होगा टोल टैक्स
कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे से दिल्ली-जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे पर आने-जाने वाले वाहन चालकों को अब टोल टैक्स चुकाना होगा। ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 28 May 2026 11:33:10 AM (IST)Updated Date: Thu, 28 May 2026 11:39:52 AM (IST)
KMP एक्सप्रेसवे से दिल्ली-जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे पर आने-जाने वाले वाहन चालकों को अब टोल टैक्स चुकाना होगा। फाइल फोटोHighLights
- वाहनों से किसी प्रकार का टोल नहीं लिया जाता था
- वाहन चालकों के लिए बुधवार से नई व्यवस्था लागू
- दोनों दिशाओं में वाहनों से टोल टैक्स लिया जाएगा
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे से दिल्ली-जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे पर आने-जाने वाले वाहन चालकों को अब टोल टैक्स चुकाना होगा। लंबे समय से इस रूट पर बिना टोल दिए सफर कर रहे वाहन चालकों के लिए बुधवार से नई व्यवस्था लागू कर दी गई है।
हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं आधारभूत संरचना विकास निगम (HSIIDC) की ओर से संबंधित टोल प्लाजा पर टोल वसूली की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
वाहनों से विधिवत टोल टैक्स वसूला जाने लगा
बुधवार को पहले टोल प्लाजा पर ट्रायल रन किया गया, जिसमें फास्टैग सिस्टम, बैरियर संचालन और नई टोल दरों को अपडेट करने की प्रक्रिया की जांच की गई। तकनीकी परीक्षण पूरा होने के बाद वाहनों से विधिवत टोल टैक्स वसूला जाने लगा।
वाहनों से किसी प्रकार का टोल नहीं लिया जाता था
दरअसल, दिल्ली-जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे फिलहाल KMP एक्सप्रेसवे तक ही तैयार हुआ है। ऐसे में जम्मू की ओर से आने वाले वाहन चालकों को दिल्ली पहुंचने के लिए कुंडली या बहादुरगढ़ मार्ग का इस्तेमाल करना पड़ता है। अब तक KMP एक्सप्रेसवे से दिल्ली-जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे पर उतरने वाले वाहनों से किसी प्रकार का टोल नहीं लिया जाता था।
केएमपी की टोल दरें प्रति किलोमीटर | व्हीकल | टोल रेट प्रति किलोमीटर |
| कार, जीप, वैन व एलएमवी | 1.84 रुपये |
| एलसीवी, एलजीवी व मिनी बस | 2.97 रुपये |
| दो एक्सल ट्रक, बस | 6.23 रुपये |
| तीन एक्सेल वाणिज्यिक वाहन | 6.80 रुपये |
| चार से छह एक्सल वाहन | 9.77 रुपये |
| सात व इससे बड़े एक्सेल वाले वाहन | 11.89 रुपये |
वाहन चालकों में भ्रम की स्थिति बनी हुई थी
हालांकि दूसरी दिशा में, यानी दिल्ली-जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे से KMP पर चढ़ने वाले वाहनों से बाहर निकलने वाले एग्जिट प्वाइंट की दूरी के हिसाब से टोल टैक्स वसूला जाता था। इसी असमान व्यवस्था को लेकर पिछले करीब एक साल से वाहन चालकों में भ्रम की स्थिति बनी हुई थी।
दोनों दिशाओं में वाहनों से टोल टैक्स लिया जाएगा
वाहन चालकों का कहना था कि एक दिशा में सफर मुफ्त था, जबकि दूसरी दिशा में भुगतान करना पड़ रहा था। कई बार इसको लेकर टोल प्लाजा पर बहस और विवाद जैसी स्थिति भी सामने आती थी। अब नई व्यवस्था लागू होने के बाद दोनों दिशाओं में सफर करने वाले वाहनों से निर्धारित दरों के अनुसार टोल टैक्स लिया जाएगा।
HSIIDC अधिकारियों के मुताबिक, टोल प्लाजा पर सभी तकनीकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और नई व्यवस्था के तहत सुचारु रूप से टोल वसूली शुरू कर दी गई है।