
डिजिटल डेस्क। देश के मौसम में आने वाले दिनों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD Alert) ने संकेत दिए हैं कि दक्षिण-पश्चिम मानसून (Monsoon Update) जल्द ही केरल में प्रवेश कर सकता है। इसके साथ ही विभाग ने दिल्ली, MP-CG, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड समेत देश के 17 राज्यों के लिए भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज आंधी का अलर्ट जारी (Weather Forecast) किया है। कई क्षेत्रों में हवा की गति 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
-1780359653480.jpg)
मौसम विभाग के अनुसार, सामान्य परिस्थितियों में मानसून एक जून के आसपास केरल पहुंचता है, लेकिन इस बार इसके आगमन में कुछ देरी हुई है। विभाग का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून के केरल में प्रवेश करने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं। इसके प्रभाव से दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में मौसम तेजी से बदलने वाला है। दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में 1 से 5 जून के बीच हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना है। विशेष रूप से 3 और 4 जून को 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 3 और 4 जून को तेज आंधी की चेतावनी जारी की गई है, जबकि 2 और 5 जून को बारिश के आसार हैं। उत्तराखंड में 6 जून तक गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। राजस्थान में 2 जून को तूफानी हवाएं चल सकती हैं और 3 से 5 जून के बीच कई इलाकों में वर्षा होने के संकेत हैं। जम्मू-कश्मीर में 3 से 5 जून के दौरान आंधी और कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि हो सकती है।
मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में 2 और 3 जून को भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश में 5 जून तक हल्की बारिश जारी रह सकती है। छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में 2 से 5 जून के बीच गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। गुजरात में भी 4 जून तक कई स्थानों पर बारिश और बिजली गिरने की आशंका है।
केरल और माहे में 3 से 7 जून के बीच कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी पूरे सप्ताह गरज-चमक और भारी वर्षा की स्थिति बनी रह सकती है। आंध्र प्रदेश में 2 जून को भारी बारिश की संभावना है, जबकि तेलंगाना में 5 जून तक हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।
पूर्वी भारत में बिहार और झारखंड में पूरे सप्ताह मौसम सक्रिय रहेगा। बिहार में 5 और 6 जून को तथा झारखंड में लगातार गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 4 से 6 जून के बीच भारी वर्षा का अनुमान है। वहीं ओडिशा में 2 जून को 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और 3 से 5 जून के दौरान भारी बारिश हो सकती है।
आईएमडी के अनुसार, पहले अनुमान लगाया गया था कि मानसून 26 मई तक केरल पहुंच जाएगा, लेकिन इसमें देरी हुई। विभाग ने 29 मई को कहा था कि मानसून अगले सप्ताह केरल पहुंच सकता है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, अल-नीनो की स्थिति मानसून की रफ्तार को प्रभावित कर रही है। यह स्थिति भारत में सामान्य से कम वर्षा का कारण बन सकती है। अब दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन गई हैं और इसके जल्द केरल पहुंचने की संभावना है।