
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मानसून (Monsoon Update) की विदाई के आखिरी सप्ताह में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान में मौसम का मिजाज मिला-जुला रहने वाला है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD Rain Alert) के अनुसार, मानसून जाते-जाते कुछ इलाकों में भारी बारिश करा सकता है, लेकिन अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले पांच से छह दिनों तक मौसम काफी हद तक साफ रहने का अनुमान है।
उत्तराखंड में 10 से 13 सितंबर के दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 8 सितंबर को भारी बारिश की आशंका है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 7 से 13 सितंबर तक बारिश की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 7 से 12 सितंबर तथा उत्तराखंड में 8 से 9 सितंबर के दौरान छिटपुट बारिश हो सकती है। पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत में भी रेन अलर्ट है।
हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर रीजन और उत्तराखंड में 7 से 13 सितंबर के दौरान आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
उत्तर प्रदेश में वाराणसी, प्रतापगढ़, आजमगढ़ और गोरखपुर समेत ज्यादातर जिलों में बारिश का दौर बना रह सकता है। पूर्वी राजस्थान में 7 से 13 सितंबर, हरियाणा-दिल्ली, पंजाब और वेस्ट यूपी में 7 से 13 सितंबर, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 9 से 13 सितंबर तथा पश्चिमी राजस्थान में 12 से 13 सितंबर तक बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम से आने वाली शुष्क हवाएं बारिश की गतिविधियों को धीरे-धीरे कम कर सकती हैं। आसमान साफ होने के साथ तेज धूप लौटने और दिन के तापमान में बढ़ोतरी से गर्मी बढ़ने की संभावना है।
बंगाल की खाड़ी में नया कम दबाव का वेदर सिस्टम बनने की संभावना है। 12 सितंबर से 18 सितंबर के बीच यह बंगाल, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ के साथ दिल्ली-यूपी समेत उत्तर भारत के मौसम को प्रभावित कर सकता है। सक्रिय होने पर यह मॉनसून की आखिरी बड़ी बारिश का दौर ला सकता है।