

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मौसम विभाग ने रविवार को देश के विभिन्न राज्यों में मूसलाधार बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के साथ-साथ पूर्वोत्तर भारत में मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। असम, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में लगातार हो रही बारिश से बाढ़ और भूस्खलन का संकट और गहरा गया है।
अरुणाचल प्रदेश के दिबांग घाटी जिले में अचानक आई बाढ़ की वजह से सेना के कैंप के दो आश्रय स्थल बह गए, जिससे 5 जवान लापता हैं। वहीं, ऊपरी सुबनसिरी जिले में सड़क निर्माण कार्य के दौरान हुए भूस्खलन की चपेट में आने से 4 लोगों की जान चली गई। असम में नदियां उफान पर हैं और सिक्किम में जगह-जगह भूस्खलन से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
दिल्ली-एनसीआर में 40 से 50 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है। तापमान 28 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं उत्तर प्रदेश के मेरठ, मुजफ्फरनगर, गौतमबुद्ध नगर, आगरा, कानपुर, अयोध्या, प्रयागराज, गोरखपुर और गाजीपुर समेत 25 से अधिक जिलों में तेज आंधी और भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
यह भी पढ़ें- MP Weather 16 August: इन 18 जिलों में मानसून मेहरबान, भोपाल-ग्वालियर से लेकर जबलपुर तक भारी बारिश का अलर्ट
बिहार के पटना, गया, चंपारण, सारण, दरभंगा, पूर्णिया और बेगूसराय समेत 20 जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट है। वहीं उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में व्यापक बारिश का अनुमान है। पहाड़ी रास्तों पर भूस्खलन के बढ़ते खतरे को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को गैर-जरूरी यात्राएं टालने की सलाह दी है।