
डिजिटल डेस्क। पश्चिम बंगाल और असम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ऐतिहासिक जीत के बाद अब दोनों राज्यों में नई सरकारों के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। भाजपा आलाकमान ने विधायक दल के नेताओं के चयन और मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगाने के लिए कद्दावर नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है।
भाजपा ने एक बड़ा रणनीतिक फैसला लेते हुए दिग्गज नेताओं को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पश्चिम बंगाल के लिए और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा को असम के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाया गया है। इन दोनों नेताओं की मुख्य जिम्मेदारी नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक कर विधायक दल के नेता का चयन करना है।
भाजपा के संसदीय बोर्ड ने पश्चिम बंगाल में पार्टी विधायक दल के नेता के चुनाव हेतु श्री @AmitShah, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री, भारत सरकार को केंद्रीय पर्यवेक्षक एवं श्री मोहन चरण माझी, मुख्यमंत्री, ओडिशा सरकार, को केंद्रीय सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। pic.twitter.com/QdnNcGqVP4
— BJP (@BJP4India) May 5, 2026
पर्यवेक्षकों की सहायता के लिए पार्टी ने सह-पर्यवेक्षकों की भी घोषणा की है। पश्चिम बंगाल में अमित शाह के साथ ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं, असम में जे.पी. नड्डा का साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी देंगे। भाजपा का यह कदम अनुभवी और युवा नेतृत्व के बीच तालमेल बिठाने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड ने असम में पार्टी विधायक दल के नेता के चुनाव हेतु श्री @JPNadda, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री, भारत सरकार को केंद्रीय पर्यवेक्षक एवं श्री नायब सिंह सैनी, मुख्यमंत्री, हरियाणा सरकार को केंद्रीय… pic.twitter.com/UUjKgr9iCU
— BJP (@BJP4India) May 5, 2026
पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन को लेकर उत्साह चरम पर है। बंगाल भाजपा अध्यक्ष ने आधिकारिक घोषणा की है कि 9 मई को शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। हालांकि, मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर अभी भी सस्पेंस बरकरार है। सियासी गलियारों में इस बात की प्रबल संभावना जताई जा रही है कि ममता बनर्जी को चुनाव में हराने वाले सुवेंदु अधिकारी बंगाल के अगले मुख्यमंत्री हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें- बिहार मंत्रिमंडल विस्तार... JDU कोटे से 11 मंत्रियों के नाम लगभग तय, सम्राट चौधरी कैबिनेट में दिखेंगे 3 नए चेहरे
भले ही सुवेंदु अधिकारी का नाम चर्चाओं में सबसे आगे है, लेकिन अंतिम फैसला विधायक दल की बैठक के बाद ही होगा। गृहमंत्री अमित शाह की देखरेख में होने वाली इस प्रक्रिया के बाद ही मुख्यमंत्री के नाम पर से पूरी तरह पर्दा उठेगा। फिलहाल, पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक 9 मई को होने वाले ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों में जुट गए हैं।