नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। आध्यात्मिक क्षेत्र में दो तरह के संत होते हैं। एक वे, जो स्वयं के मोक्ष के लिए योग और तप करते हैं और दूसरे वे, जो समाज को धर्म के पथ पर ले जाने के साथ ही लोगों को मोक्ष का मार्ग दिखाते हैं। स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी ऐसे ही संत हैं, जो युवा वर्ग को सनातन धर्म से जोड़ने के लिए देशभर में अभियान चला रहे हैं।
यह बात विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने जीवाजी क्लब में आयोजित दो दिवसीय 55वें श्रीविद्या कोटि कुमकुमार्चन महायज्ञ का शुभारंभ करते हुए कही। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में गरीब कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं, जो व्यक्ति धर्म के साथ रहेगा, वही लोक कल्याण के कार्य कर सकता है। स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी संत होने के साथ-साथ बड़े समाजसेवक भी हैं।
दो करोड़ आहुतियां की जाएंगी अर्पित
महायज्ञ में दो दिनों के दौरान कुमकुम से माता ललिता को दो करोड़ आहुतियां अर्पित की जाएंगी। पहले दिन 100 से अधिक महिलाओं ने मंत्रोच्चार के साथ कुमकुम से आहुतियां अर्पित कर माता ललिता का पूजन किया। आयोजन में कुल दो क्विंटल कुमकुम की आहुतियां अर्पित की जाएंगी।
पूजा अर्चना करतीं महिलाएं l नईदुनिया
युवा पीढ़ी को आगे आना होगा
महायज्ञ के सूत्रधार स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी ने कहा कि भारत की युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति के संरक्षण के लिए आगे आना होगा। देश के प्रत्येक जिले में ललिता माता का यज्ञ हो और युवा सनातन धर्म से जुड़ें, इसके लिए अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि माता ललिता से भारत के वैभव और समृद्धि में वृद्धि की प्रार्थना की जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद भारत विश्व शक्ति के रूप में उभरा है। अयोध्या में साढ़े पांच सौ वर्ष की प्रतीक्षा के बाद प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बना है। अब मथुरा में भी भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण होना चाहिए। इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।
युवाओं को करना होगा अधिक कार्य
युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह ने कहा कि भारत माता की प्रतिष्ठा और गौरव को बढ़ाने के लिए युवाओं को आगे आकर अधिक से अधिक श्रमदान करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की प्रतिष्ठा बढ़ी है।
कार्यक्रम में पूर्व आइएएस बृजमोहन शर्मा, अनिल शर्मा दादा, शांति शरण गौतम, अर्पित भार्गव, अजय परपयानी, शेषनाथ तिवारी, मुकेश पांडे, नरोत्तम सिंह बागी, संदीप पांडे, रोहित चौधरी, देवान शुक्ला, शिवपाल यादव, आदित्य चौबे सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।