
धर्म डेस्क। ज्योतिष शास्त्र में शुक्र ग्रह को प्रेम, रोमांस, आकर्षण और वैवाहिक सुख का प्रतीक माना जाता है। शुक्र की स्थिति में बदलाव का प्रभाव व्यक्ति के प्रेम संबंधों और दांपत्य जीवन पर पड़ सकता है। 22 नवंबर की शाम शुक्र तुला राशि में प्रवेश करेंगे। शुक्र की अपनी राशि तुला में होने वाली इस चाल को ज्योतिषीय दृष्टि से खास माना जा रहा है।
इस गोचर से 2 राशियों के जातकों के प्रेम जीवन में सकारात्मक बदलाव आने की संभावना है। पुराने रिश्तों में चल रही परेशानियां दूर हो सकती हैं, वहीं कुछ अविवाहित लोगों के जीवन में नए रिश्ते की शुरुआत हो सकती है। आइए जानते हैं किन राशियों के लिए शुक्र का यह गोचर शुभ रहने वाला है।
मिथुन राशि के जातकों के पांचवें भाव में शुक्र का गोचर होगा। ज्योतिष में पांचवें भाव को प्रेम, रोमांस और संतान का भाव माना जाता है। ऐसे में शुक्र की यह स्थिति मिथुन राशि वालों के प्रेम जीवन के लिए अनुकूल रह सकती है।
इस दौरान पार्टनर के साथ रिश्तों में मधुरता बढ़ने की संभावना है। लंबे समय से चली आ रही गलतफहमियां दूर हो सकती हैं और दोनों को एक-दूसरे के साथ समय बिताने के अच्छे अवसर मिलेंगे। जो जातक अपने प्रेम संबंध को शादी में बदलना चाहते हैं, उनके लिए 22 नवंबर से 1 जनवरी तक का समय सकारात्मक रह सकता है। परिवार की सहमति से विवाह की बात आगे बढ़ने के योग बन सकते हैं।
विवाहित लोगों के जीवन में भी खुशियां लौट सकती हैं। जीवनसाथी के साथ रिश्ते बेहतर होने और आपसी दूरियां कम होने की संभावना है। कुछ जातक अपने पार्टनर के साथ घूमने या किसी रोमांटिक ट्रिप की योजना भी बना सकते हैं।
तुला राशि के जातकों के लिए शुक्र का गोचर खास रहने वाला है, क्योंकि शुक्र इस राशि के स्वामी ग्रह हैं। शुक्र का गोचर तुला राशि के प्रथम भाव में होगा। यहां से शुक्र की दृष्टि विवाह और साझेदारी से जुड़े सातवें भाव पर पड़ेगी।
ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, शुक्र की इस स्थिति से दांपत्य जीवन में चल रही परेशानियां कम हो सकती हैं। जीवनसाथी के साथ आपसी समझ और तालमेल बेहतर होगा। घर में सुख-शांति का माहौल बनने और रिश्तों में मिठास बढ़ने की संभावना है।
जो लोग अविवाहित हैं और लंबे समय से अपने लिए योग्य जीवनसाथी तलाश रहे हैं, उन्हें इस अवधि में अच्छा रिश्ता मिल सकता है। प्रेम संबंधों के लिहाज से भी समय अनुकूल रह सकता है। किसी नए रिश्ते की शुरुआत होने या मौजूदा रिश्ते के विवाह तक पहुंचने के योग बन सकते हैं।
साल 2026 के अंत में तुला राशि के जातकों के जीवन में रोमांस बढ़ सकता है। इसके साथ ही आर्थिक मामलों में भी सकारात्मक परिणाम मिलने की संभावना जताई जा रही है।
यह भी पढ़ें- इन 5 राशियों के लिए खुले तरक्की के द्वार, शुक्र ने किया स्वराशि तुला में प्रवेश, अगले 40 दिन तक रहेगा असर