
धर्म डेस्क। दीपावली के 15 दिन बाद वाराणसी समेत देश के कई हिस्सों में देव दीपावली मनाई जाती है। इस दिन गंगा के घाटों को हजारों दीयों से सजाया जाता है। मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन देवी-देवता धरती पर आते हैं और गंगा में स्नान करते हैं। इसी खुशी में दीप जलाए जाते हैं। लेकिन सवाल है कि जब दीपावली पर ही रोशनी का त्योहार मनाया जाता है, तो फिर 15 दिन बाद देव दीपावली मनाने की परंपरा क्यों है?
दरअसल, इसके पीछे भगवान शिव और त्रिपुरासुर से जुड़ी एक पौराणिक कथा है। इसी वजह से कार्तिक पूर्णिमा को त्रिपुरारी पूर्णिमा भी कहा जाता है।
पौराणिक कथा के अनुसार, तारकासुर के तीन पुत्र थे- तारकाक्ष, कमलाक्ष और विद्युन्माली। तीनों ने कठोर तपस्या करके ब्रह्मा जी से वरदान प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने सोने, चांदी और लोहे से बने तीन नगर बसाए। इन नगरों को त्रिपुर कहा गया।
वरदान के कारण तीनों असुर बेहद शक्तिशाली हो गए और देवताओं को परेशान करने लगे। परेशान होकर सभी देवता भगवान शिव के पास पहुंचे और उनसे असुरों का अंत करने की प्रार्थना की।
इसके बाद भगवान शिव ने एक ही बाण से तीनों नगरों को नष्ट कर दिया और त्रिपुरासुर का वध किया। इस तरह उन्होंने देवताओं को असुरों के आतंक से मुक्ति दिलाई। इस विजय की खुशी में देवताओं ने दीप जलाकर उत्सव मनाया। मान्यता है कि तभी से कार्तिक पूर्णिमा पर देव दीपावली मनाई जाने लगी। भगवान शिव को त्रिपुरारी और त्रिपुरांतक नाम भी इसी कथा के कारण मिले।
दीपावली और देव दीपावली दोनों ही रोशनी से जुड़े त्योहार हैं, लेकिन इनके पीछे की मान्यताएं अलग हैं।
दीपावली कार्तिक महीने की अमावस्या को मनाई जाती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इसी दिन भगवान राम 14 साल का वनवास पूरा करके अयोध्या लौटे थे। उनके स्वागत में अयोध्यावासियों ने दीप जलाए थे। वहीं, इस दिन मां लक्ष्मी की पूजा भी की जाती है।
दूसरी ओर, देव दीपावली कार्तिक महीने की पूर्णिमा को मनाई जाती है। यानी दीपावली के लगभग 15 दिन बाद। इसे देवताओं की दीपावली कहा जाता है। इस दिन भगवान शिव की त्रिपुरासुर पर जीत और देवताओं के उत्सव से जुड़ी मान्यताएं प्रचलित हैं।
देव दीपावली का सबसे भव्य आयोजन वाराणसी में देखने को मिलता है। यहां गंगा के घाटों को लाखों दीयों से रोशन किया जाता है। दशाश्वमेध घाट से लेकर अस्सी घाट तक दीपों की कतारें दिखाई देती हैं।
मान्यता है कि इस दिन देवी-देवता काशी आते हैं और गंगा में स्नान करते हैं। इसी विश्वास के चलते लोग गंगा स्नान और दीपदान करते हैं। शाम को होने वाली गंगा आरती इस उत्सव का खास आकर्षण होती है।
कार्तिक पूर्णिमा के दिन गंगा या किसी पवित्र नदी में स्नान करना शुभ माना जाता है। इसके बाद दीपदान करने की परंपरा है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन दीप जलाने से जीवन में सुख-समृद्धि आती है और नकारात्मकता दूर होती है।
कई लोग अपने घरों, मंदिरों और नदी के किनारे दीप जलाते हैं। कुछ स्थानों पर भगवान शिव और भगवान विष्णु की पूजा भी की जाती है। इस तरह देव दीपावली भगवान शिव की विजय, देवताओं के उत्सव और दीपदान की परंपरा से जुड़ा पर्व है।
यह भी पढ़ें- तुलसी विवाह के बाद ही क्यों शुरू होता है शादियों का सीजन? जानिए भगवान विष्णु से जुड़ी मान्यता