
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। दिगंबर जैन समाज के पर्युषण पर्व इस वर्ष दो चतुर्थी तिथियां होने के कारण 16 सितंबर से प्रारंभ होंगे और 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के दिन पर्व का समापन होगा।
सामान्यतः पर्युषण पर्व भाद्रपद मास की पंचमी से प्रारंभ होते हैं, लेकिन इस वर्ष 14 और 15 सितंबर को चतुर्थी तिथि होने के कारण पर्व की शुरुआत 16 सितंबर से होगी।
दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद इंदौर अध्यक्ष आनंद गोधा, महामंत्री हर्ष जैन ने बताया कि पर्युषण पर्व के दस दिनों में दलालबाग स्थित विद्या सुधा मंडप में मुनिश्री सुधा सागर महाराज के सान्निध्य में विशेष धार्मिक आयोजन होंगे।
इसमें देश के सबसे बड़े श्रावक संस्कार शिविर का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें देश-विदेश के दस हजार से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
सकल दिगंबर जैन समाज युवा वेलफेयर सोसाइटी इंदौर के संरक्षक राहुल सेठी, पीयूष रावका ने बताया सुगंध दशमी पर्व 21 सितंबर को मनाया जाएगा। समाजजन शहर के विभिन्न जिनालयों में पहुंचकर भगवान के दर्शन करेंगे और धूप अर्पित करेंगे। श्री पार्श्व पद्मावती धाम, साधना नगर में मुनिश्री के गृहस्थ जीवन से लेकर वर्तमान तक के जीवन पर आधारित विशेष कथा-झांकी भी सजाई जा रही है। श्रद्धालुओं के लिए यह झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
पूर्व अध्यक्ष सोनम जैन, युवा प्रकोष्ठ महामंत्री गौरव पाटोदी, कार्याध्यक्ष अंकुल पाटोदी ने बताया कि पर्युषण पर्व का समापन 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के दिन होगा। इसके बाद 27 सितंबर को क्षमावाणी महापर्व मनाया जाएगा। इस दिन समाजजन वर्षभर में जाने-अनजाने हुई भूलों एवं त्रुटियों के लिए एक-दूसरे से क्षमा मांगेंगे और आपसी प्रेम, सद्भाव एवं मैत्री का संदेश देंगे। समाजसेवियों को मुनि तरुण सागर अवार्ड, स्व. डबडेरा अवार्ड एवं लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। अवार्ड के लिए शहर के पांच जोन के संयोजकों को समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले समाजजनों के नाम चयनित करने की जिम्मेदारी दी गई है। चयन प्रक्रिया के बाद समारोहपूर्वक इन सम्मान से समाजसेवियों को सम्मानित किया जाएगा।